khaskhabar.com: सोमवार, 05 सितम्बर 2016 10:59 AM (IST)
कार्डिफ। पाकिस्तान ने मैन ऑफ द मैच सरफराज अहमद (90) और शोएब मलिक (77) की बेहतरीन पारियों की बदौलत सोफिया गरडस स्टेडियम में हुए पांचवें व अंतिम एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड को चार विकेट से मात दे दी और पांच मैचों की श्रृंखला में खुद को क्लीनस्वीप से बचा लिया। शुरुआती चारों मैच में इंग्लैंड विजेता रहा और उसने सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमाया।
पाकिस्तान ने इंग्लैंड से मिले 303 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को छह विकेट खोकर 10 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। हालांकि पाकिस्तान 100 रन के भीतर शार्जील खान (10), बाबर आजम (31) और कप्तान अजहर अली (33) के विकेट गंवा चुका था और बड़े लक्ष्य के आगे ढेर होता नजर आ रहा था लेकिन इसके बाद मलिक और सरफराज ने चौथे विकेट के लिए 163 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत की आस जगा दी।