संतोष ट्रॉफी : गोवा को हरा बंगाल ने 32वीं दफा जीता खिताब
khaskhabar.com: सोमवार, 27 मार्च 2017 12:25 PM (IST)
बैम्बोलिम। पश्चिम बंगाल ने फाइनल में गोवा को 1-0 से हराकर 32वीं दफा भारत के प्रमुख घरेलू फुटबॉल टूर्नामेंट संतोष ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा जमा लिया। निर्धारित 90 मिनट के अंदर कोई गोल नहीं हो सका। मनवीर सिंह के 119वें मिनट में गोल कर बंगाल की जीत सुनिश्चित कर दी। मनवीर ने शेखोम रोनाल्ड के पास पर बाएं पैर से शानदार किक लगा गेंद को गोलपोस्ट के अंदर पहुंचा दिया।
हालांकि पांच बार के विजेता मेजबान गोवा ने पूरे मैच के दौरान जोरदार टक्कर दी, लेकिन अतिरिक्त समय में उसने लय खो दी। वैसे गोवा को भी गोल के कुछ मौके मिले थे लेकिन बंगाल के गोलकीपर ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया।
पश्चिम बंगाल ने छह साल बाद यह ट्रॉफी जीती, जबकि गोवा पिछली बार वर्ष 2009 में यह ट्रॉफी चूमने में सफल रहा था। गोवा इससे पहले तीन बार टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुका था। वह 1972 में सेमीफाइनल व 1996 फाइनल में बंगाल से ही हारा था। वह 1990 में केरल को हरा खिताब जीतने में कामयाब रहा।