Deodhar Trophy : Dinesh Karthik team will take on Shreyas Iyer team-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अय्यर के सामने होंगे कार्तिक, युवाओं की नजरें सीनियर टीम पर

khaskhabar.com: सोमवार, 22 अक्टूबर 2018 6:54 PM (IST)
अय्यर के सामने होंगे कार्तिक, युवाओं की नजरें सीनियर टीम पर
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के घरेलू वनडे टूर्नामेंट देवधर ट्रॉफी की शुरुआत मंगलवार (23 अक्टूबर) से हो रही है। इस टूर्नामेंट में तीन टीमें इंडिया-ए, इंडिया-बी और इंडिया-सी मैदान पर उतरेंगी। फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में होने वाले टूर्नामेंट के पहले मैच में इंडिया-ए का सामना इंडिया-बी टीम से होगा। इस टूर्नामेंट में कई युवा खिलाड़ी खेल रहे हैं और इन सभी की कोशिश वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज के बाकी बचे तीन मैचों में अपनी जगह बनाने पर होगी। बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज के शुरुआती दो मैचों के लिए ही टीम का ऐलान किया है। ऐसे में यह टूर्नामेंट युवाओं को अपनी दावेदारी पेश करने का मौका देगा। इंडिया-ए की कमान अनुभवी विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों में है वहीं इंडिया-बी की कप्तानी मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब दिलाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर के जिम्मे है। इंडिया-ए में कार्तिक के पास बल्लेबाजी में करुण नायर, नीतिश राणा, युवा पृथ्वी शॉ जैसे शानदार बल्लेबाज हैं। शॉ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उससे लौटकर वे विजय हजारे ट्रॉफी में भी अपने फॉर्म को कायम रखने में सफल हुए थे। गेंदबाजी में कार्तिक के पास रविचंद्रन अश्विन जैसा अनुभवी ऑफ स्पिनर है। अश्विन लंबे समय से भारत की सीमित ओवरों की टीम से बाहर हैं।
उनके लिए भी यह अपने आपको साबित करने का मौका हो सकता है। वहीं मोहम्मद सिराज के रूप में भी कार्तिक के पास अच्छे गेंदबाज मौजूद हैं। क्रूणाल पांड्या और नीतिश राणा दो अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी भी इंडिया-ए को मजबूती देंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement