khaskhabar.com: रविवार, 19 मार्च 2017 12:39 PM (IST)
भीलवाड़ा। शहर में शनिवार रात्रि हुई बेमौसम की बारिश ने भीलवाड़ा कृषि उपज मंडी में बिकने आए अनाज को भिगो दिया। इससे किसानों की छह महीने की मेहनत पर पानी फिर गया। भीलवाड़ा मंडी में सैकड़ों बोरी गेहूं और चना खुले में रखा होने से भीगकर खराब हो गया। इस बरसात से किसानों के अनाज के साथ-साथ व्यापारियों का खरीद कर रखा गया क्रय-विक्रय सहकारी समिति का अनाज भी भीग कर खराब हो गया।
इस बार खरीफ की बंपर पैदावार हुई थी। फसल तैयार होने के बाद बेचने के लिए मंडी में आए तो यहां बरसात आने से खुले में रखा अनाज भीग कर खराब हो गया। खाद और बीज उधार रुपए लेकर किसानों ने यह फसल तैयार की थी। अंत में जाकर उनकी फसल भीग जाने से दामों में गिरावट आ जाएगी। इससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें हैं। वहीं बरसात से किसानों की खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।