Vehicle theft gang busted in Noida, 19 bikes and 2 scooties recovered-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नोएडा में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 19 बाइक और 2 स्कूटी बरामद

khaskhabar.com: गुरुवार, 29 मई 2025 6:24 PM (IST)
नोएडा में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 19 बाइक और 2 स्कूटी बरामद
नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस और सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 19 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहित सिंह, ओमवीर कुमार, आकाश सिंह, रोहित कुमार और आनंद कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रह रहे थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी एक-दो साल पुराने दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। वे या तो चाबी से लॉक खोल लेते थे या फिर लॉक तोड़ देते थे। चोरी के बाद इन वाहनों को सुरक्षित ठिकानों पर जमा किया जाता था और कुछ दिनों बाद उन्हें चलाकर या बसों में लादकर हमीरपुर, महोबा, राठ जैसे क्षेत्रों में ले जाकर बेच दिया जाता था। इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही थाना सेक्टर-113, सेक्टर-49 और सेक्टर-39 में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
खासतौर पर मोहित, ओमवीर और आकाश के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया है कि अभियुक्तों के पास से जो वाहन बरामद किए गए हैं, उनमें स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर प्रो, यामाहा एफजेडएस, पल्सर, टीवीएस अपाचे, होंडा ट्विस्टर और पैशन प्रो जैसी कई मोटरसाइकिल, एक्टिवा 125 और एक्टिवा स्कूटी शामिल हैं। इनमें से कुछ वाहन उत्तर प्रदेश और दिल्ली की विभिन्न सीरीज में रजिस्टर्ड हैं, जिनके इंजन और चेसिस नंबर भी पुलिस ने सत्यापित किए हैं।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि इस गिरोह के सक्रिय होने से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इनकी गिरफ्तारी से ऐसे मामलों में निश्चित रूप से कमी आएगी। आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement