Advertisement
उत्तराखंड : सीएम धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र

उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही एवं समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत शीघ्र पहुंच सके। प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी अपने सेवाकाल में किसी भी प्रकार के दबाव, सिफारिश अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी पूरी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। सभी अधिकारी इस मंत्र को अपनी कार्यशैली में शामिल करें। कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले 5 साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखने, जनता के प्रति संवेदनशील रहने तथा प्रत्येक निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लेने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


