फ़लस्तीनी आबादी के विरुद्ध 'अत्याचार अपराधों को अंजाम दिए जाने का जोखिम'
Source: UN News: रविवार, 29 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त ने चेतावनी दी है कि फ़लस्तीनी आबादी के विरुद्ध इसराइली हमले और अधिकार उल्लंघन के मामले जारी हैं, जिनसे क़ाबिज़ इलाक़े में अत्याचार के नए अपराधों को अंजाम दिए जाने की आशंका गहरा रही है.
मानवाधिकार मामलों के लिए यूएन प्रमुख वोल्कर टर्क ने बुधवार को जारी अपने एक वक्तव्य में कहा कि “हमारी चेतावनियों को अनसुना कर दिया गया है और अत्याचार अपराध अब भी हो रहे हैं.” “आम नागरिकों को जान से मार दिया जाना जारी है, लाखों फ़लस्तीनी जबरन विस्थापन का शिकार हुए हैं और वरिष्ठ इसराइली अधिकारियों ने ऐसे विस्थापन के स्थाई होने की मंशा व्यक्त की है.”OHCHR प्रमुख के अनुसार, उनके कार्यालय ने निरन्तर आगाह किया गया है कि ग़ाज़ा में इसराइली कार्रवाई एक समूह के रूप में फ़लस्तीनियों के अस्तित्व के लिए वास्तविक ख़तरा पैदा कर सकती हैं.“पिछले कुछ महीनों के दौरान क़ब्ज़े वाले पश्चिमी तट में हुई घटनाओं ने पूरे क़ाबिज़ फ़लस्तीनी इलाक़े में ऐसे ख़तरे के प्रति हमारी आशंकाओं को और बढ़ा दिया है.”यूएन मानवाधिकार कार्यालय के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 को हमास व अन्य हथियारबन्द गुटों के हमलों के बाद से पूर्वी येरूशलम सहित पश्चिमी तट में इसराइली बलों और स्थानीय बस्तियों के नागरिकों ने 42 हज़ार से अधिक फ़लस्तीनियों को जबरन विस्थापित किया है. उधर ग़ाज़ा में लगभग 20 लाख फ़लस्तीनी जबरन विस्थापन का शिकार हुए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में लोग एक से अधिक बार विस्थापित हुए हैं. निरन्तर लम्बी होती सूचीउन्होंने सचेत किया कि “ग़ाज़ा में बुनियादी ढाँचे को नष्ट किया जा रहा है, जबकि पश्चिमी तट में अवैध बस्तियों का विस्तार हो रहा है. फ़लस्तीनियों को लगातार मनमाने ढंग से हिरासत में लिया जा रहा है, उन्हें यातना और दुर्व्यवहार का शिकार बनाया जा रहा है और दोहरी न्याय व्यवस्था के अधीन रखा जा रहा है.”उनके अनुसार, उल्लंघन मामलों की “यह सूची लगातार लम्बी होती जा रही है.”मानवाधिकार मामलों के प्रमुख ने पिछले वर्ष ग़ाज़ा में युद्धविराम की घोषणा के बाद भी हत्याओं का सिलसिला जारी रहने पर विशेष रूप से चिन्ता व्यक्त की है.वोल्कर टर्क ने ध्यान दिलाया कि ग़ाज़ा की आबादी को लगातार सिमटते जा रहे एक छोटे-से हिस्से में सीमित कर दिया गया है. वहीं, इसराइली नाकेबन्दी और पाबन्दियों के कारण फ़लस्तीनी जीवनरक्षा के लिए भोजन, दवाओं समेत आवश्यक बुनियादी सामान से वंचित हैं.OHCHR प्रमुख ने हमास और अन्य फ़लस्तीनी सशस्त्र गुटों को भी ध्यान दिलाया है कि उन्हें नागरिकों की रक्षा करनी होगी और मानवीय सहायताकर्मियों व राहत अभियानों की सुरक्षा एवं स्वतंत्रता का सम्मान करना होगा. साथ ही, उन्होंने बिना किसी सुनवाई के हत्याओं, मनमाने ढंग से लोगों को हिरासत में रखने, यातना देने के मामलों को रोकने और अन्य प्रकार के दुर्व्यवहार पर लगे प्रतिबन्धों का पालन करने पर बल दिया है.