योरोप की कठिन राह: अफ़ग़ान नागरिकों के लिए सफ़र लम्बा भी, महंगा भी
Source: UN News: शनिवार, 28 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
बेहतर जीवन, सुरक्षा व आर्थिक अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में अफ़ग़ान नागरिक योरोपीय देशों का रुख़ करते हैं, जिसके लिए अक्सर लम्बे, जोखिम व अनिश्चितता भरे रास्तों का सहारा लिया जाता है. इनमें पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र भी है जहाँ से होकर गुज़रने में महीनों का समय लगता है और हज़ारों यूरो ख़र्च होते हैं.
अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के एक नए अध्ययन के अनुसार, योरोपीय देशों तक ले जाने वाले इस मार्ग पर अफ़ग़ान नागरिकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है.पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र, योरोपीय संघ के सदस्य देशों से घिरा हुआ है और प्रवासियों की अनियमित ढंग से आवाजाही का एक मुख्य ज़रिया है. इनमें मुख्यत: अल्बानिया, मोन्टेनेग्रो, बोस्निया एंड हर्त्ज़ेगोविना, नॉर्थ मैसेडोनिया और सर्बिया से होकर निकलने वाले रास्ते हैं, जिनके ज़रिए मध्य पूर्व, एशिया और अफ़्रीका से आने वाले प्रवासी इटली, फ़्राँस, जर्मनी समेत अन्य देश पहुँचने की कोशिश करते हैं.यूएन प्रवासन एजेंसी के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2026 दौरान पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र में स्थित देशों ने अफ़ग़ानिस्तान के 3,941 नागरिकों का पंजीकरण किया. इस मार्ग पर पंजीकृत लोगों की कुल संख्या का यह 17 प्रतिशत है. अफ़ग़ान नागरिक इस मार्ग से जाने वाले जाने वाले सबसे बड़े आबादी समूहों में से रहे हैं. वर्ष 2020 से अब तक पंजीकरण में उनकी हिस्सेदारी का वार्षिक औसत 21 प्रतिशत रहा है.लम्बा, ख़र्चीला सफ़रयूएन एजेंसी ने पश्चिमी बाल्कन के छह क्षेत्रों में 22 स्थानों पर यात्रा कर रहे एक हज़ार से अधिक अफ़ग़ान नागरिकों से बातचीत के आधार पर ये निष्कर्ष जारी किए हैं. सर्वेक्षण में शामिल लोगों की यात्रा की औसत अवधि (median) 209 दिन रही, यानि लगभग 50 फ़ीसदी लोग इससे भी अधिक समय से यात्रा कर रहे थे. सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाले अफ़ग़ान नागरिकों ने अपनी यात्रा पर औसतन 7,541 यूरो ख़र्च किए, जो इस मार्ग से जाने वाले 10 सबसे बड़े राष्ट्रीयता समूहों में सबसे अधिक है.हर पाँच में से एक से अधिक व्यक्ति ने 10 हज़ार यूरो से अधिक ख़र्च किए, जबकि 37 प्रतिशत अफ़ग़ानों पर अभी भी अपनी यात्रा से सम्बन्धित क़र्ज़ बक़ाया है.देश छोड़ने के अनेक कारणअफ़ग़ान नागरिकों ने देश छोड़ने के अपने निर्णय के पीछे कई वजह बताईं. पश्चिमी बाल्कन मार्ग पर सर्वेक्षण में शामिल लोगों के उद्देश्य अलग-अलग थे, लेकिन यूएन प्रवासन एजेंसी के आकलन के अनुसार आर्थिक दबाव, आजीविका के साधन और रोज़गार के अवसर लोगों के निर्णयों को प्रभावित करते हैं.सर्वेक्षण में शामिल अधिकांश लोगों ने अपनी यात्रा जारी रखने का स्पष्ट इरादा जताया. सभी उत्तरदाताओं ने योरोप के अन्य देशों की ओर आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की है. सबसे अधिक संख्या में लोग इटली (37 प्रतिशत), जर्मनी (22 प्रतिशत) और फ़्राँस (20 प्रतिशत) जाना चाहते हैं. पारिवारिक रिश्ते इन विकल्पों को प्रभावित करने वाला एक महत्वपूर्ण कारक हैं. सर्वेक्षण में हिस्सा लेने वाले दो-तिहाई से अधिक अफ़ग़ान नागरिकों का कहना है कि उनका अफ़ग़ानिस्तान लौटने का इरादा नहीं है.अफ़ग़ानिस्तान बीते कई वर्षों व दशकों से हिंसक टकराव, आर्थिक अस्थिरता व एक गहरे मानवीय संकट से जूझ रहा है, और ईरान व पाकिस्तान से लाखों शरणार्थियों की वापसी से स्थिति और गम्भीर हुई है. देश में पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे समुदायों पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है.अफ़ग़ानिस्तान में IOM प्रमुख मिहयुंग पार्क ने कहा कि “जहाँ कई परिवार अफ़ग़ानिस्तान में अपने जीवन को फिर से सँवार रहे हैं, वहीं अन्य पड़ोसी देशों में ही रहते हैं या आर्थिक दबावों, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और अनिश्चितता से प्रभावित होकर कहीं और की यात्रा पर निकल जाते हैं.”