-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:10 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कॉप31: ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के ज़िम्मेदारों से क़ीमत वसूलने की पुकार

Source: UN News: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
कॉप31: ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के ज़िम्मेदारों से क़ीमत वसूलने की पुकार
जलवायु न्याय के लिए भावुक अपीलों से लेकर सैकड़ों अरब डॉलर की धनराशि के आवंटन तक, तुर्कीये के अन्ताल्या में यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन में शुक्रवार को जलवायु संकट से मुक़ाबले के लिए वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था पर चर्चा हुई. यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने आगाह किया है कि यदि जलवायु संकट से जूझ रहे कमज़ोर देशों के लिए अनुकूलन धनराशि में तीन गुना वृद्धि की जाती है, तो भी उनकी आवश्यकताओं का एक-तिहाई ही हासिल हो पाएगा. इस बीच, सम्पन्न देशों और प्रदूषण फैलाने के लिए ज़िम्मेदार कम्पनियों पर दबाव बढ़ा है कि उन्हें इस स्थिति के लिए अपना न्यायसंगत हिस्सा चुकाना होगा. कॉप31 में आज:जलवायु वित्त पोषण: महासचिव गुटेरेश ने अन्तरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार का आग्रह किया है, जोकि कमज़ोर देशों के लिए विफल साबित हो रहा है. नए निवेश: उभरते हुए बाज़ारों में जलवायु परियोजनाओं को वित्तीय समर्थन देने के लिए 10 अरब डॉलर की पहल शुरू की गई है.ज़मीनी स्तर: यूएन विशेषज्ञों ने आपदा-प्रभावित समुदायों, किसानों और नवाचारी बीमा योजनाओं के ज़रिए समर्थन पर ध्यान केन्द्रित किया.वार्ता: कॉप31 अध्यक्ष ने सम्भावित राजनैतिक घोषणापत्र के पहले मसौदे को साझा किया है, मगर वित्तीय संसाधन की उपलब्धता और जीवाश्म ईंधन जैसे विषय अभी अनसुलझे हैं.शुक्रवार को कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख़्तियाँ थी, जिन पर लिखा था कि प्रदूषकों को क़ीमत चुकानी होगी. अन्य ने खानसामा की पोशाक पहनी हुई थी, जिसमें जलवायु कार्रवाई के लिए एक रेसिपी थी: क़र्ज़ को माफ़ कर दीजिए.कॉप31 आयोजन स्थल के गलियारों में विश्व भर से प्रदर्शनकारी एकत्र हुए हैं, और वे जलवायु न्याय की मांग कर रहे हैं. कुछ ने अपने आँसुओं को रोक कर रखा, अन्य खुलकर रोए और जलवायु परिवर्तन के कारण तबाह हुए अपने जीवन व आजीविकाओं को याद किया. यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने एक प्रैस वार्ता को सम्बोधित हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण, दशकों की मेहनत से दर्ज की प्रगति धूमिल हो रही है और सम्वेदनशील परिस्थितियों में रह रही आबादी क़र्ज़ में डूब रही है. उनके अनुसार, यदि बदलती जलवायु के अनुरूप ढलने (अनुकूलन) के लिए धनराशि को तीन गुना भी कर दिया जाता है, तो यह ज़रूरी रक़म का केवल 30 प्रतिशत ही होगा. “इसके असर, पर्यावरण से परे तक महसूस किए जा सकते हैं.”उन्होंने कहा कि गर्म होती जा रही पृथ्वी पर शान्ति निर्माण नहीं हो सकता है. और न ही तब तक निर्धनता को जड़े से उखाड़ा जा सकता है, जब तक जलवायु आपदाओं की वजह से बार-बार लोग उनमें धँसते रहें. महासचिव ने कहा कि हमारी पृथ्वी के भविष्य पर उन पक्षों की शर्तों पर चर्चा नहीं हो सकती है, जो इसके विध्वंस से मुनाफ़ा कमा रहे हैं. © UN Climate Change/Kiara Worth यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने अन्ताल्या में मीडिया को सम्बोधित किया. क़र्ज़ के जाल से मुक्तिमगर, कमज़ोर देशों की रक्षा के लिए धन जुटाना एक अलग ही चुनौती है. यूएन प्रमुख के अनुसार, शुक्रवार को उनकी अन्तरराष्ट्रीय जलवायु कोषों के प्रमुखों के साथ बैठक हुई, जिसमें उन्होंने लालफ़ीताशाही अड़चनों को दूर करने का आग्रह किया, जिसके कारण वित्तीय सहायता प्राप्त करना बेहद कठिन हो जाता है, विशेषकर उन देशों के लिए जिनके पास संसाधनों की कमी है.उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद तैयार की गई वैश्विक वित्तीय व्यवस्था की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाया, जिसे आकार देने में विकासशील देशों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला था. महासचिव ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था में बदलाव से अधिक धन जुटाने का रास्ता भी खुल सकता है. मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान, जलवायु मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख साइमन स्टील ने चेतावनी दी कि यदि मौजूदा स्थिति को ऐसे ही जारी रहने दिया गया, तो इसके गम्भीर परिणाम होंगे. उन्होंने कहा, "कई विकासशील देश क़र्ज़, आपदाओं और पूँजी की अत्यधिक लागत के दुष्चक्र में फँसे हुए हैं. जलवायु वित्त पोषण के ज़रिए देशों को इस जाल से बाहर निकलने में मदद करनी चाहिए."मौजूदा समझौतों के तहत विकसित देशों से अपेक्षा है कि वर्ष 2035 तक, विकासशील देशों के लिए प्रतिवर्ष कम से कम 300 अरब डॉलर जुटाए जाएंगे. यह व्यापक रूप से निर्धारित 1,300 अरब डॉलर के लक्ष्य का हिस्सा है. लेकिन कॉप31 में प्रस्तुत एक आकलन से संकेत मिलता है कि मौजूदा रुझान जारी रहने पर वार्षिक जलवायु वित्तपोषण इस बड़े लक्ष्य से 840 अरब डॉलर कम रह सकता है. इस अन्तर को पाटने के लिए शुक्रवार को नए प्रयास सामने आए. ब्रिटेन, नॉर्वे और कैनेडा की विकास वित्त संस्थाओं ने 2030 तक उभरते बाजारों में जलवायु परियोजनाओं के लिए 10 अरब डॉलर जुटाने की योजनाओं की घोषणा की.बीमा व्यवस्था से मददबेहतर तैयारी के बावजूद कुछ आपदाओं को टाला नहीं जा सकता है. और जब वे आती हैं, तो सहायता राशि कितनी जल्दी पहुँचती है, इससे बहुत बड़ा अन्तर पैदा हो सकता है.कल्पना कीजिए फ़िजी के एक किसान की, जिसके खेत अभी-अभी चक्रवात की भीषण मार झेल चुके हैं. उसकी फ़सलें नष्ट हो चुकी हैं, लेकिन बिल चुकाने बाक़ी हैं. और अगली फ़सल तैयार होने में अभी कई महीने लग सकते हैं.ऐसी परिस्थितियों में, एक अभिनव बीमा योजना किसानों को नुक़सान के लम्बे आकलन की प्रतीक्षा किए बिना ही उबरने में मदद कर रही है.‘पैरामीट्रिक’ बीमा नामक यह व्यवस्था पहले से निर्धारित मानदंडों, जैसे हवा की गति या वर्षा की मात्रा, के निर्धारित स्तर तक पहुँचने पर बीमा राशि का भुगतान करती है. यह कार्यक्रम प्रशान्त क्षेत्र के आठ देशों में संचालित हो रहा है और अब तक हज़ारों लोग इससे लाभान्वित हो चुके हैं.जलवायु कार्रवाई के लाभहालांकि, जलवायु परिवर्तन से निपटने का अर्थ केवल धन ख़र्च करना ही नहीं है. ग़ैर-सरकारी संगठन ‘नैचुरल कैपिटलिज़्म सॉल्यूशंस’ की संस्थापक हन्टर लविन्स ने यूएन न्यूज़ को बताया कि "जलवायु कार्रवाई एक अच्छा निवेश है और इससे लाभ भी होता है."उन्होंने अमेरिका में ईंधन की क़ीमतों में भारी उछाल के बीच, अपनी इलैक्ट्रिक कार का उदाहरण दिया, जिसे घर पर लगे सौर पैनलों से चार्ज किया जाता है. उन्होंने बताया कि किस तरह नवीकरणीय ऊर्जा, लागत घटा सकती है और तेल क़ीमतों में उतारचढ़ाव पर निर्भरता कम कर सकती है.उन्होंने एक आपदा के दौरान भी इसके लाभ देखे हैं. जब बाढ़ के कारण कोलोराडो में उनका समुदाय बाक़ी इलाक़ों से कट गया और पड़ोसियों के घरों में एक सप्ताह से अधिक समय तक बिजली नहीं रही, तब भी उनका घर सौर ऊर्जा की बदौलत बिजली से रौशन रहा.यहाँ तक कि पड़ोसी अपना जमा हुआ खाद्य सामान उनके फ़्रीज़र में रखने के लिए ले आए. उन्होंने कहा, "आपके समुदाय में यही वास्तविक सुरक्षा है." © UN Climate Change/Kubilay Citfci तुर्कीये के अन्ताल्या में यूएन जलवायु सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागी अपने लैपटॉप पर काम कर रहे हैं. भावुक विदाई, संघर्ष का आहवानकॉप31 सम्मेलनमें शुक्रवार को नागरिक समाज के प्रतिनिधियों ने यूएन महासचिव के रूप में अपने अन्तिम जलवायु सम्मेलन में शामिल हो रहे एंतोनियो गुटेरेश को विदाई दी, जहाँ जलवायु कार्यकर्ताओं का समूह भी पहुँचा.इस अवसर पर, यूएन प्रमुख को 'प्रदूषण फैलाने वालों से क़ीमत वसूलो' पुरस्कार दिया गया. भावुक माहौल में वहाँ उपस्थित लोगों ने खड़े होकर देर तक तालियाँ बजाईं. साथ ही, उन्हें भविष्य के किसी कॉपसम्मेलन में एक ग़ैर-सरकारी संगठन का पहचान-पत्र पहन कर लौटने का निमंत्रण भी दिया गया. इस बार उनमें से ही एक बनकर.तभी वहाँ जलवायु विरोध प्रदर्शनों के चिर-परिचित नारे, जैसेकि ‘प्रदूषण फैलाने वालों से क़ीमत वसूलो!’ गूँज उठे. इसके साथ ही एक और नारा सुनाई दिया: "एसजी! एसजी! एसजी! "इस माहौल में भावुक हुए यूएन प्रमुख ने फिर उसी मुद्दे को उठाया, जो पूरे दिन चर्चा के केन्द्र में रहा था. उन्होंने कहा कि जीवाश्म ईंधन कम्पनियों के असाधारण मुनाफ़े पर टैक्स लगाया जाना चाहिए, ताकि उन लोगों की मदद की जा सके जो ऐसे संकट से पीड़ित हैं, जिसे पैदा करने में उनकी बहुत कम भूमिका रही है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement