-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिखरा काँच, उजाड़ ज़िन्दगियाँ: नवम्बर 1938 के यहूदी-विरोधी जनसंहार की त्रासदी

Source: UN News: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
बिखरा काँच, उजाड़ ज़िन्दगियाँ: नवम्बर 1938 के यहूदी-विरोधी जनसंहार की त्रासदी
10 नवम्बर 1938 की सुबह, ऑस्ट्रिया के वियना शहर में स्कूल जाते हुए आठ वर्षीय आर्थर श्नेयर ने अपने यहूदी उपासना स्थल (सिनेगॉग) को आग की लपटों में घिरा देखा. वहाँ मौजूद दमकलकर्मी और पुलिस अधिकारी आग बुझाने के बजाय जश्न मना रहे थे. रब्बाई (यहूदी धार्मिक प्रचारक या शिक्षक) आर्थर श्नेयर ने हाल ही में न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित एक परिचर्चा में बताया कि आज 87 वर्षों बाद भी वह भयावह दृश्य उनकी यादों में ताज़ा है.उन्होंने एक वीडियो सन्देश में कहा कि उस अनुभव ने उन्हें सिखाया कि किसी समुदाय के उपासना स्थल पर हमला उसकी आस्था पर सीधा प्रहार है. उन्होंने आपसी सम्मान, स्वीकार्यता और अतीत से सबक़ सीखने पर ज़ोर दिया.यह परिचर्चा नवम्बर 1938 की यहूदी-विरोधी हिंसा, 'क्रिस्टलनाख़्ट' (Kristallnacht), यानि 'टूटे-बिखरे शीशों की रात' की 88वीं बरसी से पहले आयोजित की गई.उस दौरान, वर्षों से सरकारी संरक्षण में हो रहा यहूदी-विरोधी उत्पीड़न, संगठित हिंसा में बदल गया था, और जर्मनी, ऑस्ट्रिया और ज़ूडेटेनलैंड में यहूदी समुदायों पर व्यापक हमले हुए.परिचर्चा में वक्ताओं ने टूटी दुकानों और तबाही की तस्वीरों से आगे बढ़कर यहूदी बच्चों, उनके परिवारों और पड़ोसियों के भय, दुख और पीड़ा को सामने लाने की कोशिश की. © Courtesy of Rabbi Arthur Schneier बचपन में रब्बी आर्थर श्नायर. सरकारी संरक्षण में हिंसा9 और 10 नवम्बर 1938 की रात यहूदियों के उपासना स्थलों (सिनेगॉग) में आग लगा दी गई. उनके घरों और दुकानों में तोड़फोड़ व लूटपाट हुई. लगभग 30 हज़ार यहूदी पुरुषों को गिरफ़्तार करने के बाद यातना शिविरों में भेज दिया गया.यह घटना नात्सी (Nazi) शासन के दौर में हो रहे उत्पीड़न में एक बड़ा मोड़ थी. यहूदियों के विरुद्ध भेदभाव और सामाजिक बहिष्कार अब खुली हिंसा में बदल गया था. अनेक यहूदियों ने देश छोड़ने की कोशिश की, लेकिन दूसरे देशों ने उन्हें शरण देने से इनकार कर दिया.नात्सियों ने इस घटना को 'क्रिस्टलनाख़्ट', यानि 'टूटे शीशों की रात' कहा. यह नाम सड़कों पर बिखरे दुकानों के शीशों की वजह से दिया गया, मगर इससे यहूदियों के ख़िलाफ़ हुई हिंसा और उनकी पीड़ा की गम्भीरता छिप गई.उस दौर की तस्वीरों में यहूदी पुरुषों को बिना टोपी के सड़कों पर मार्च करने के लिए मजबूर किया जा रहा है. पड़ोसी तमाशबीन बने खड़े हैं. उपासना स्थलों में तोड़फोड़ और घरों व दुकानों में लूटपाट के निशान दिखाई देते हैं.मगर, ये तस्वीरें हिंसा झेलने वालों की पीड़ा को कितना बयाँ करती हैं? उनकी ज़िन्दगी की कौन-सी वास्तविकताएँ इनमें दर्ज नहीं हो सकीं? © Rebecca Newman ‘हॉलोकॉस्ट की ऐतिहासिक वास्तविकताओं को समझना’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम. पीड़ितों की स्मृति मेंनात्सी अत्याचारों के पीड़ितों की स्मृति में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में ‘हॉलोकॉस्ट की ऐतिहासिक वास्तविकताएँ: फ़ोटोग्राफ़ी बनाम कला’ विषय पर एक परिचर्चा आयोजित की गई.इसका आयोजन संयुक्त राष्ट्र के हॉलोकॉस्ट (यहूदी जनसंहार) जनसम्पर्क कार्यक्रम और फ़्रिट्ज़ ऐशर सोसायटी ने जर्मनी के स्थाई यूएन मिशन के सहयोग से किया. यह सोसायटी उत्पीड़न और प्रतिबन्ध झेलने वाले कलाकारों की कृतियों के संरक्षण व प्रचार-प्रसार के लिए काम करती है.इस परिचर्चा में ऐतिहासिक तस्वीरों और कलाकृतियों के ज़रिये यह समझने की कोशिश की गई कि ये यहूदी-विरोधी हिंसा के किन पहलुओं को उजागर करती हैं और क्या कुछ छिपा रह जाता है.हॉलोकॉस्ट इतिहासकार क्रिस्टॉफ़ क्रॉयट्सम्यूलर ने कहा कि तस्वीरें केवल इतिहास का चित्रण नहीं, बल्कि अहम ऐतिहासिक साक्ष्य हैं, जिनकी गहराई से पड़ताल ज़रूरी है.उन्होंने सवाल उठाए: तस्वीर किसने और किन परिस्थितियों में खींची? उस समय कौन देख रहा था? तस्वीर में किसे दिखाया गया? और इतिहास में किसका नज़रिया दर्ज हुआ?हिंसा का व्यापक पैमानाउन्होंने बताया कि वर्ष 1938 में जर्मनी की तत्कालीन सीमाओं के भीतर यहूदियों के विरुद्ध हिंसा की 2,416 घटनाएँ दर्ज हुई थीं. मगर, ये आँकड़े मानवीय क्षति की पूरी तस्वीर नहीं दिखाते हैं.उन्होंने कहा, “हमें नहीं पता कि कितने लोग मारे गए या घायल हुए. इस हिंसा का लोगों के जीवन पर कितना असर पड़ा, इसका भी पूरा आकलन नहीं किया जा सकता.”उनके अनुसार, ऐतिहासिक तस्वीरों की पड़ताल भी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि इनमें से कई तस्वीरें हमलावरों या उनके समर्थकों ने पीड़ितों की सहमति के बिना खींची थीं. © Rebecca Newman ‘हॉलोकॉस्ट की ऐतिहासिक वास्तविकताओं को समझना’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए इतिहासकार क्रिस्टॉफ़ क्रॉयट्सम्यूलर. तस्वीर से इनकार का अधिकार नहींइतिहासकार क्रिस्टॉफ़ क्रॉयट्सम्यूलर ने ऐमिली फ़्राइसिंग नामक एक यहूदी महिला का उदाहरण दिया, जो वर्ष 1935 में अपना शहर छोड़ने की कोशिश कर रही थीं.जब एक व्यक्ति ने उनकी तस्वीर लेनी चाही, तो उन्होंने चेहरा छिपा लिया. उस व्यक्ति ने तस्वीर नाज़ी जर्मनी के यहूदी-विरोधी अख़बार डेयर श्टुर्मर (Der Stürmer) को भेजकर शिकायत की कि महिला ने तस्वीर खिंचवाने से इनकार किया था.यह घटना उस दौर में अधिकारों की असमानता दिखाती है. तस्वीर लेने वाला उसे सार्वजनिक कर सकता था, लेकिन तस्वीर में मौजूद व्यक्ति के पास इनकार करने की आज़ादी भी नहीं थी. इस तरह कैमरा भी उत्पीड़न और अपमान का हथियार बन गया था.क्रॉयट्सम्यूलर ने जर्मनी के बाडेन-बाडेन शहर की तस्वीरों का भी उदाहरण दिया, जिसकी आबादी उस समय लगभग 30 हज़ार थी.पुलिस और नात्सी ख़ुफ़िया पुलिस (Gestapo) ने गिरफ़्तार किए गए यहूदी पुरुषों को सड़कों पर मार्च करने के लिए मजबूर किया. उन्हें जानबूझकर बिना टोपी के चलाया गया, जबकि उस दौर में सार्वजनिक स्थानों पर पुरुषों का टोपी पहनना आम था.तस्वीरों में पड़ोसी और राहगीर तमाशबीन बने दिखते हैं. वहीं, नात्सी अर्द्धसैनिक संगठन के एक सदस्य सहित कम से कम तीन लोग तस्वीरें भी खींच रहे थे.क्रॉयट्सम्यूलर ने सवाल उठाया कि 65 या 70 वर्ष के किसी यहूदी बुज़ुर्ग के लिए यह कितना अपमानजनक रहा होगा, जो शायद दशकों से बिना टोपी के सार्वजनिक स्थानों पर नहीं निकले थे.कैमरा केवल हिंसा को दर्ज नहीं कर रहा था, बल्कि उसे और बढ़ा रहा था.फिर भी, ये तस्वीरें पूरी कहानी नहीं बतातीं. इनमें यह दर्ज नहीं है कि जबरन मार्च करते समय उन पुरुषों पर क्या बीती, उनके परिवार किस भय में जी रहे थे या अपना घर, उपासना स्थल और बसी-बसाई ज़िन्दगी छिनते देखना कितना पीड़ादायक था. © Rebecca Newman ‘हॉलोकॉस्ट की ऐतिहासिक वास्तविकताओं को समझना’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए इतिहासकार रेचल पैरी. कला की अहम भूमिकातस्वीरें और कलाकृतियाँ मिलकर उस दौर की अधिक पूरी कहानी सामने लाती हैं. तस्वीरें उत्पीड़न के प्रमाण दिखाती हैं, जबकि कला उन अनुभवों और भावनाओं को उजागर करती है, जो कैमरे में दर्ज नहीं हो सके.कला इतिहासकार रेचल पैरी ने शार्लोट सालोमोन सहित कई यहूदी कलाकारों की कृतियों पर चर्चा की, जिनमें उस दौर की निजी पीड़ा और अनुभवों की झलक मिलती है.उन्होंने बताया कि हॉलोकॉस्ट के दौरान यहूदी कलाकारों की बनाई कलाकृतियाँ बहुत कम उपलब्ध हैं. नात्सी शासन में उत्पीड़न, गिरफ़्तारी और क़ैद के कारण कलाकारों को काम करने के अवसर नहीं मिले. उनकी कई कृतियाँ भी नष्ट कर दी गईं.जर्मन-यहूदी कलाकार शार्लोट सेलोमन अपनी प्रसिद्ध कृति Life or Theater? (जीवन या रंगमंच?) के लिए जानी जाती हैं. आत्मकथात्मक चित्रों की इस श्रृँखला में उन्होंने अपने जीवन और हॉलोकॉस्ट के दौर के अनुभवों को दर्शाया.महज़ 26 वर्ष की उम्र में 'आउशवित्स' यातना शिविर में उनकी हत्या कर दी गई थी.निजी पलों की झलकरेचल पैरी ने बताया कि शार्लोट सेलोमन की कलाकृतियाँ दिखाती हैं कि जर्मनी के यहूदी उस दौर के हालात को किस तरह समझने की कोशिश कर रहे थे, सुरक्षित ठिकाने तलाश रहे थे और देश छोड़ने की तैयारी कर रहे थे.उनके चित्रों में विदाई के भावुक पल दर्ज हैं - पिता से मिला एक चित्र, पैक होता सूटकेस, रेलवे स्टेशन पर अपनों से विदाई और रवाना होती ट्रेन की खिड़की से बाहर देखती एक महिला.रेचल पैरी ने बताया कि उत्पीड़न करने वालों की खींची तस्वीरें अक्सर हिंसा के बाद की स्थिति दिखाती हैं, जबकि कलाकारों की कृतियाँ उस दौरान लोगों के अनुभवों और भावनाओं को भी उजागर करती हैं.उन्होंने कहा, “जो कुछ कैमरे में दर्ज नहीं हो सका, उसे किसी ने चित्रों में उतार दिया.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement