‘मानवता के अस्तित्व के लिए ख़तरा’ बनने से पहले AI पर लगाम कसना ज़रूरी
Source: UN News: बुधवार, 09 सितम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने चेतावनी दी है कि अगर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो यह क्रान्तिकारी तकनीक “मानवता के अस्तित्व के लिए ख़तरा” बन सकती है.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने जिनीवा में मानवाधिकार परिषद को सम्बोधित करते हुए चेतावनी दी कि बाध्यकारी नियमों, स्वतंत्र निगरानी और स्पष्ट सीमाओं के बिना कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) नियंत्रण से बाहर हो सकती है.उन्होंने कहा कि AI प्रणालियाँ इतनी शक्तिशाली हो सकती हैं कि उन्हें विकसित करने वाले विशेषज्ञ भी उन पर नियंत्रण खो दें.वोल्कर टर्क ने कहा, “अगर AI अपने परीक्षण के दायरे से बाहर निकल जाए या ख़ुद को बन्द होने से बचाने के लिए उसे विकसित करने वाले विशेषज्ञों को ब्लैकमेल करे, तो इसका मतलब है कि वह बेहद शक्तिशाली हो चुकी है.”उन्होंने कहा, “मैं आज यहाँ अपील करता हूँ कि इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, एआई को सुरक्षित व भरोसेमन्द बनाने के लिए हरसम्भव प्रयास किए जाएँ और इसके लिए पुख़्ता सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएँ.”‘कुछ मुट्ठी भर लोगों’ के हाथ में नियंत्रणवोल्कर टर्क ने AI तकनीकों की मेज़बानी करने वाले देशों और उनकी आपूर्ति श्रृँखलाओं से जुड़े देशों से मिलकर स्पष्ट सीमाएँ तय करने की अपील की.उन्होंने कहा, “हमें स्वतंत्र सत्यापन और सुरक्षा के मुद्दों पर इस क्षेत्र में कहीं अधिक आपसी सहयोग की ज़रूरत है.”मानवाधिकार प्रमुख ने ज़ोर देकर कहा कि चुनौती केवल तकनीकी सुरक्षा की नहीं है.उन्होंने इस बात पर भी चिन्ता जताई कि तकनीकी शक्ति कुछ लोगों और कम्पनियों के हाथों में सिमटती जा रही है और बड़ी मात्रा में लोगों का डेटा इकट्ठा कर उसका इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “AI का लगभग पूरा नियंत्रण कुछ ही लोगों के हाथों में है.”उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीक विकसित की जानी चाहिए, “जो मानवता के काम आए, न कि मानवता उसके अधीन हो.” रोज़गार, लोकतंत्र और पर्यावरण से जुड़े फ़ैसलों में मानवाधिकारों को सर्वोपरि रखना ज़रूरी है.स्वायत्त हथियारों से ‘भयभीत’मानवाधिकार उच्चायुक्त ने युद्ध में AI के इस्तेमाल पर भी गहरी चिन्ता जताई, ख़ासतौर पर ऐसे हथियारों को लेकर जो बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के किसी की जान लेने का फ़ैसला कर सकते हैं.वोल्कर टर्क ने कहा कि पिछले महीने रूस द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए पूरी तरह स्वायत्त ड्रोन से तीन यूक्रेनी नागरिकों की मौत की ख़बरों से वह “भयभीत” हैं. ख़बरों के अनुसार, यूक्रेन ने भी ऐसे हथियारों का परीक्षण किया है.उन्होंने कहा, “मैं ऐसे हथियारों पर तत्काल प्रतिबन्ध लगाने की मांग का समर्थन करता हूँ, जो किसी मानवीय भागेदारी के बिना लोगों की जान ले सकते हैं.”वोल्कर टर्क ने यह भी चेतावनी दी कि पाँचवें वर्ष में चल रहे यूक्रेन युद्ध में आम नागरिकों के हताहत होने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं और अहम ऊर्जा बुनियादी ढाँचे को भी भारी नुक़सान पहुँच रहा है. रूस में भी लोगों के मारे जाने और घायल होने की ख़बरें हैं.60 से अधिक युद्धमानवाधिकार उच्चायुक्त ने दुनिया भर में बढ़ते सशस्त्र टकरावों और अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के कमज़ोर पड़ने पर गहरी चिन्ता जताई.इस समय दुनिया भर में 60 से अधिक ऐसे सशस्त्र टकराव चल रहे हैं, जिनमें किसी न किसी देश की सीधी भागेदारी है. दूसरे विश्व युद्ध के बाद दुनिया में एक साथ इतने टकराव पहले कभी नहीं हुए.वोल्कर टर्क ने अमेरिका और ईरान के बीच फिर भड़की हिंसा और उसके व्यापक भू-राजनैतिक व आर्थिक असर पर भी चिन्ता जताई.उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के हताहत होने की ख़बरें लगातार सामने आ रही हैं. इनमें ईरान के होर्मोज़गान प्रान्त में एक शादी समारोह के दौरान लोगों के हताहत होने की घटना भी शामिल है.ग़ाज़ा और क़ाबिज़ पश्चिमी तटमध्य पूर्व का उल्लेख करते हुए वोल्कर टर्क ने ग़ाज़ा में जारी इसराइली हमलों, मानवीय सहायता पर पाबन्दियों, फ़लस्तीनियों को जबरन विस्थापित करने की योजनाओं तथा कुछ वरिष्ठ इसराइली अधिकारियों की अमानवीय बयानबाज़ी की निन्दा की.उन्होंने हमास से जुड़े सशस्त्र समूहों द्वारा कथित हत्याओं और यातना दिए जाने के मामलों की भी निन्दा की.मानवाधिकार प्रमुख ने क़ाबिज़ पश्चिमी तट में विलय और इसराइली बस्तियों के विस्तार के ख़िलाफ़ कार्रवाई की अपील की. उन्होंने ऐसे हथियारों के हस्तांतरण पर भी रोक लगाने की मांग की, जिनका इस्तेमाल अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के उल्लंघन के लिए किया जा सकता है.उन्होंने कहा, “अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को ऐसी स्थाई शान्ति के लिए अपने प्रयास बढ़ाने होंगे, जिसमें फ़लस्तीन और इसराइल के लोग बराबर अधिकार और सम्मान के साथ रह सकें. जब लोगों पर जानबूझकर अत्याचार हो रहे हों और वे पीड़ा झेल रहे हों, तब केवल निन्दा करना खोखला लगता है.”