-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 3:46 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हर छह घंटे में स्वास्थ्य सेवाओं पर हमला, लेकिन जवाबदेही नदारद

Source: UN News: सोमवार, 17 अगस्त 2026 00:00 AM (IST)
हर छह घंटे में स्वास्थ्य सेवाओं पर हमला, लेकिन जवाबदेही नदारद
दुनिया भर में पिछले आठ वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर 10 हज़ार से अधिक हमले हुए हैं. इनमें यूक्रेन में जारी भीषण युद्ध के दौरान हुए हमले और काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) के पूर्वी हिस्से में तेज़ी से फैल रहे मौजूदा इबोला प्रकोप पर क़ाबू पाने के प्रयासों के दौरान हुए हमले भी शामिल हैं. यह जानकारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दी है. संगठन ने शुक्रवार को एक बार फिर कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी, स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले हमलों की निगरानी के लिए एक प्रणाली चलाती है. इसके तहत अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों, स्वास्थ्यकर्मियों व मरीज़ों, एम्बुलेंस एवं अन्य परिवहन साधनों, गोदामों तथा स्वास्थ्य सामग्री पर होने वाले हमलों को दर्ज किया जाता है.2018 से अब तक 29 देशों और क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर 10,400 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं. इनमें लगभग 5,700 लोगों की मौत हुई और 8,000 से अधिक लोग घायल हुए. लेकिन अब तक किसी को भी इन हमलों के लिए जवाबदेह नहीं ठहराया गया है.मौत, तबाही और मनोसामाजिक हिंसाइस वर्ष जनवरी से अगस्त के बीच ही WHO ने स्वास्थ्य सेवाओं पर 900 से अधिक हमले दर्ज किए हैं. इनमें कम से कम 900 लोगों की मौत हुई और 1,400 से अधिक लोग घायल हुए - यानि हर दिन चार से अधिक हमले.सबसे अधिक हमले यूक्रेन, लेबनान और क़ाबिज़ फ़लस्तीनी क्षेत्र में दर्ज किए गए. म्याँमार, ईरान, सूडान, काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC), दक्षिण सूडान, रूस, सीरिया और नाइजीरिया में भी ऐसी घटनाएँ हुईं.WHO में मानवीय सहायता और आपदा प्रबन्धन मामलों के निदेशक अल्ताफ़ मुसानी ने जिनीवा में पत्रकारों से कहा, “हम हिंसा के अनेक रूप देख रहे हैं.”उन्होंने बताया कि 2026 में सबसे ज़्यादा हमले भारी हथियारों से किए गए. इसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं को नुक़सान पहुँचाने और मनोसामाजिक हिंसा की घटनाएँ सबसे अधिक दर्ज की गईं.दीर्घकालिक असरइस अवधि में स्वास्थ्यकर्मियों और मरीज़ों के अपहरण, गिरफ़्तारी या हिरासत से जुड़ी 44 घटनाएँ भी दर्ज की गईं. इनमें अधिकतर मामले स्वास्थ्यकर्मियों को हिरासत में लिए जाने के थे, जिनसे 94 लोग प्रभावित हुए.अल्ताफ़ मुसानी ने कहा कि ये आँकड़े महत्वपूर्ण हैं, लेकिन वे पूरी तस्वीर नहीं दर्शाते.उन्होंने कहा, “जब किसी अस्पताल पर हमला होता है, तो उसका असर सिर्फ़ उस दिन अस्पताल में मौजूद लोगों तक सीमित नहीं रहता.”“इसका असर उस मरीज़ पर भी पड़ता है, जिसे अगले दिन इलाज नहीं मिल पाता; उस एम्बुलेंस पर, जो अगले मरीज़ को अस्पताल नहीं पहुँचा सकती; उस स्वास्थ्यकर्मी पर, जो काम पर वापस नहीं लौट सकता; और दवाओं की उस आपूर्ति पर, जो स्वास्थ्य केन्द्रों तक नहीं पहुँच पाती.”अस्पतालों को नुक़सान, सेवाएँ प्रभावितस्वास्थ्य सेवाओं पर हमलों का असर व्यापक और लम्बे समय तक रहता है, जिसके ठोस प्रमाण भी मौजूद हैं.अल्ताफ़ मुसानी ने उत्तर-पश्चिमी सीरिया में हुए 69 हमलों पर किए गए एक अध्ययन का हवाला दिया. इसमें पाया गया कि हमले के अगले दिन बाह्य रोगी परामर्श में 51 प्रतिशत की गिरावट आई, और इसका असर 37 दिनों तक बना रहा.उन्होंने बताया कि सूडान में 2026 में 37 प्रतिशत स्वास्थ्य केन्द्र काम नहीं कर रहे थे. वहीं, जिन स्वास्थ्य केन्द्रों का आकलन किया गया, उनमें से केवल तीन प्रतिशत में ही मरीज़ों को भर्ती कर इलाज करने की सुविधा थी.ग़ाज़ा के सभी 36 अस्पताल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और उनमें से केवल आधे ही आंशिक रूप से काम कर रहे हैं. प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद से WHO ने स्वास्थ्य केन्द्रों, एम्बुलेंस, गोदामों और आपूर्ति श्रृँखलाओं को प्रभावित करने वाले 3,000 से अधिक हमलों की पुष्टि की है.काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) में मई में मौजूदा इबोला प्रकोप की घोषणा के बाद से स्वास्थ्य सेवाओं पर 12 हमलों की पुष्टि हुई है. इन हमलों से प्रकोप पर क़ाबू पाने के प्रयास बाधित हुए हैं.आँकड़ों से परेअल्ताफ़ मुसानी ने कहा, “ये केवल आँकड़े नहीं हैं. हर प्रतिशत के पीछे एक मरीज़ है, हर क्षतिग्रस्त स्वास्थ्य केन्द्र के पीछे एक सेवा का नुक़सान है और हर बाधित सेवा का मतलब है कि कोई व्यक्ति स्वास्थ्य सेवा से वंचित रह जाएगा.”उन्होंने कहा कि इन हमलों से डर भी फैलता है. इससे लोग इलाज कराने से हिचकिचाते हैं, स्वास्थ्यकर्मी काम पर नहीं आ पाते और समुदायों का भरोसा कमज़ोर होता है.उन्होंने इन हमलों के मानवीय असर को सामने लाने, स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध प्रमाणों का इस्तेमाल करने और हिंसक टकराव में शामिल पक्षों की जवाबदेही तय करने का आहवान किया.ब्रीफ़िंग के बाद उन्होंने बताया कि 10 हज़ार से अधिक पुष्ट घटनाओं में से एक भी मामला जवाबदेही की प्रक्रिया तक नहीं पहुँचा है.उन्होंने कहा कि WHO के पास किसी पक्ष को जवाबदेह ठहराने का अधिकार या विशेषज्ञता नहीं है, लेकिन संगठन के महानिदेशक ने बार-बार युद्धरत पक्षों की जवाबदेही तय करने की अपील की है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement