-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महासागरों में प्लास्टिक प्रदूषण से जुड़े पाँच अहम तथ्य

Source: UN News: गुरुवार, 11 जून 2026 00:01 AM (IST)
महासागरों में प्लास्टिक प्रदूषण से जुड़े पाँच अहम तथ्य
सर्जिकल दस्तानों से लेकर पानी की बोतलों, ख़रीदारी के थैलों और च्यूइंग गम तक, प्लास्टिक हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका है. यह सुविधा का प्रतीक है - लेकिन इसकी टिकाऊ प्रकृति ने जहाँ हमें इस पर अत्यधिक निर्भर बना दिया है, वहीं यही टिकाऊपन पर्यावरण का दम भी घोंट रहा है. जब प्लास्टिक समुद्र में पहुँचता है, तो उसके बड़े टुकड़े, समुद्री जीवों का दम घोंट सकते हैं और प्रवाल भित्तियों जैसे नाज़ुक आवासों को नुक़सान पहुँचा सकते हैं. यही प्लास्टिक, समय के साथ टूटकर विषैले माइक्रोप्लास्टिक में बदल जाता है, जो खाद्य श्रृँखला में पहुँचकर समुद्री जीवन को प्रभावित करता है. यहाँ तक कि जब प्लास्टिक भौतिक रूप से पूरी तरह टूट जाता है, तब भी उसके रासायनिक तत्व बने रहते हैं और उसका असर लम्बे समय तक जारी रहता है.विश्व महासागर आकलन के अनुसार, आज 4,000 से अधिक समुद्री प्रजातियाँ प्लास्टिक प्रदूषण से प्रभावित मानी जाती हैं. इस आकलन में, टिकाऊ विकास के तीन स्तम्भों - पर्यावरणीय, आर्थिक और सामाजिक के आधार पर विश्व महासागरों का एक व्यापक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है.1,600 पृष्ठों की इस रिपोर्ट में 650 से अधिक विशेषज्ञों ने योगदान दिया है. इसके सम्पादकों में शामिल डॉक्टर इयेन बटलर का कहना है कि पूरा समुद्री तंत्र प्रभावित हो रहा है. उनके अनुसार, प्लास्टिक का असर समुद्री जीवों के भोजन, चयापचय (metabolism), प्रतिरक्षा प्रणाली, वृद्धि और प्रजनन पर पड़ता है. यह उन्हें कमज़ोर करता है, उनकी मौत का कारण बन सकता है और समुद्री आबादियों में बदलाव ला सकता है.8 जून को विश्व महासागर दिवस के अवसर पर, आइए जानते हैं महासागरों में प्लास्टिक प्रदूषण से जुड़े पाँच अहम तथ्य:1. महासागरों में प्लास्टिक प्रदूषण अब भी बढ़ रहा हैमहासागरों में प्लास्टिक की मात्रा लगातार बढ़ रही है. इसके प्रमुख कारण हैं - अनुचित तरीक़े से कचरा प्रबन्धन, खुले स्थानों पर कचरा फेंकना, माइक्रोप्लास्टिक का घिसाव और समुद्री गतिविधियाँ. अनुमान है कि हर वर्ष 5 करोड़ 21 लाख मीट्रिक टन प्लास्टिक कचरा पर्यावरण में पहुँचता है.इसके क्षेत्रीय स्वरूप भी अलग-अलग हैं. वैश्विक उत्तर में खुले में कचरा फेंकना प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है, जबकि वैश्विक दक्षिण में एकत्र न किया गया कचरा इसकी मुख्य वजह है.इसी तरह के ‘रिसाव’ महासागरों को भारी नुक़सान पहुँचाते हैं. डॉक्टर इयेन बटलर ने चेतावनी दी, “हमारी आँखों को जो नज़र आता है, वह केवल हिमनद का ऊपरी हिस्सा है.”समुद्र की सतह पर तैरने वाले और तटों पर मिलने वाले बड़े प्लास्टिक टुकड़े व माइक्रोप्लास्टिक, कुल महासागरीय प्लास्टिक का केवल 3 से 4% हिस्सा हैं. यानि समस्या का बड़ा हिस्सा बिखरा हुआ, समुद्र में डूबा हुआ, छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित या ऐसे रूप में है जिसे वापस निकालना बेहद कठिन है. Unsplash/Naja Bertolt Jensen विश्व भर में समुद्री तटों और महासागर की गहराइयों में प्लास्टिक प्रदूषण की भरमार है. 2. सबसे छोटे प्लास्टिक, सबसे बड़ी अनिश्चितताएक बार प्लास्टिक महासागर में पहुँच जाता है, तो वह केवल समुद्री तटों या सतह पर तैरते कचरे तक सीमित नहीं रहता. माइक्रोप्लास्टिक की मौजूदगी समुद्र की सतह से लेकर उसके सबसे गहरे हिस्सों तक पाई गई है.अनुमान है कि विश्व के ऊपरी महासागरों में माइक्रोप्लास्टिक के लगभग 24.4 ट्रिलियन टुकड़े मौजूद हैं. माइक्रोप्लास्टिक पाँच मिलीमीटर से छोटे प्लास्टिक कण होते हैं, जो अक्सर बड़े प्लास्टिक उत्पादों के टूटने से बनते हैं. ये प्रतिरक्षा प्रणाली में बदलाव, सूजन, वृद्धि दर में कमी और ऊर्जा असन्तुलन जैसी समस्याएँ पैदा कर सकते हैं.लेकिन नैनोप्लास्टिक और उनके दीर्घकालिक जैविक प्रभावों के बारे में हमारी समझ अभी भी बहुत सीमित है. प्लास्टिक जितना छोटा व कम दिखाई देने वाला होता जाता है, उसका पता लगाना, उसकी निगरानी करना, उसे हटाना और उसके जोखिमों का आकलन करना उतना ही कठिन हो जाता है. साथ ही, ऐसे छोटे कण कोशिका झिल्ली जैसी प्राकृतिक जैविक बाधाओं को अधिक आसानी से पार कर सकते हैं.डॉक्टर इयेन बटलर के अनुसार, ये बेहद छोटे प्लास्टिक कण “खाद्य श्रृँखला में धीरे-धीरे जमा होते जाते हैं. सबसे पहले छोटे समुद्री जीव इन्हें निगलते हैं, फिर बड़ी मछलियाँ या अन्य जीव उन्हें खा लेते हैं. इस तरह प्लास्टिक की मात्रा खाद्य श्रृँखला में ऊपर की ओर बढ़ती जाती है.”3. एकल-उपयोग प्लास्टिक, कचरे का बड़ा स्रोतवैश्विक स्तर पर फैले कचरे में लगभग 40% हिस्सा एकल-उपयोग प्लास्टिक का है, जबकि मछली पकड़ने से जुड़ी गतिविधियों का योगदान लगभग 15% है. हालाँकि, उच्च-आय और निम्न-आय वाले देशों में इसके स्रोत व स्वरूप अलग-अलग हो सकते हैं.इस समस्या को कम करने के लिए प्लास्टिक उत्पादन घटाना, पुन: उपयोग को बढ़ावा देना, उत्पादों की डिज़ाइन में बदलाव करना, री-साकलिंग से जुड़े नवाचारों को बेहतर बनाना और एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प तलाशना ज़रूरी है. बोतल से जुड़ा हुआ ढक्कन हाल के वर्षों का एक छोटा मगर उपयोगी नवाचार है, लेकिन एकल-उपयोग प्लास्टिक बोतलों की समस्या से भी निपटना उतना ही ज़रूरी है.री-सायकलिंग को इस समस्या का पूरा समाधान नहीं माना जा सकता. असल बदलाव यह है कि प्लास्टिक कचरे को महासागर तक पहुँचने से पहले ही रोका जाए.डॉक्टर इयेन बटलर के अनुसार, “प्लास्टिक की बनावट बदलने से मदद मिलती है, लेकिन महासागरों के लिए उससे भी ज़्यादा ज़रूरी है कि हम एक बार इस्तेमाल करके फेंक दिए जाने वाले प्लास्टिक पर अपनी निर्भरता कम करें.”4. प्लास्टिक प्रदूषण केवल पर्यावरणीय नहीं, सामाजिक और आर्थिक मुद्दा भीप्लास्टिक प्रदूषण समुद्री आवासों के लिए गम्भीर ख़तरा है, लेकिन इसका असर केवल पर्यावरण तक सीमित नहीं है. यह पारिस्थितिकी तंत्रों की सहनसक्षमता को कमज़ोर करता है, लोगों की आजीविका पर असर डालता है और खाद्य सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा करता है.इस प्रदूषण की सबसे अधिक क़ीमत उन क्षेत्रों को चुकानी पड़ती है, जो महासागरों पर निर्भर हैं. पर्यटन, मछली पकड़ने और जहाज़रानी जैसे क्षेत्रों को हर वर्ष राजस्व में कमी और सफ़ाई की लागतों के कारण अरबों अमेरिकी डॉलर का नुक़सान होता है.लघु-स्तरीय मत्स्य पालन विशेष रूप से अधिक प्रभावित हो सकता है. प्लास्टिक प्रदूषण अब तटीय इलाक़ों और मत्स्य पालन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. इसके मानव स्वास्थ्य पर भी सम्भावित असर हो सकते हैं, क्योंकि समुद्री मछलियों की 386 प्रजातियों में प्लास्टिक निगले जाने के प्रमाण मिले हैं.5. रोकथाम सबसे अहम, वैश्विक प्लास्टिक सन्धि की ज़रूरतसमाधान केवल समुद्री तटों की सफ़ाई करने या री-सायकलिंग तक सीमित नहीं हो सकता. आकलन के अनुसार, प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए उत्पादन घटाने, सामग्री विज्ञान को बेहतर बनाने और एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प विकसित करने पर भी ध्यान देना होगा.प्लास्टिक प्रदूषण कम करने का एक सम्भावित रूप से प्रभावी रास्ता, एक अन्तरराष्ट्रीय समझौते या सन्धि के ज़रिये हो सकता है. इसी उद्देश्य से, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) के नेतृत्व में प्लास्टिक प्रदूषण पर अन्तर-सरकारी वार्ता समिति का गठन किया गया था ताकि प्लास्टिक प्रदूषण पर एक अन्तरराष्ट्रीय, क़ानूनी रूप से बाध्यकारी व्यवस्था तैयार की जा सके.हालाँकि, कई वर्षों की वार्ता के बाद भी संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों के बीच अब तक सहमति नहीं बन पाई है.डॉक्टर इयेन बटलर ने बताया, “कुछ देशों को लगता है कि कुछ प्रकार की पाबन्दियों से उन्हें अनुचित नुक़सान होगा, और उनकी अर्थव्यवस्थाओं पर उन देशों की तुलना में अधिक असर पड़ेगा, जो प्लास्टिक निर्माण पर निर्भर नहीं हैं.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement