-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:47 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

डीपीआर कोरिया: परमाणु हथियार, बैलेस्टिक मिसाइल विकसित करने की कोशिशों पर गहरी चिन्ता

Source: UN News: सोमवार, 04 मई 2026 00:01 AM (IST)
डीपीआर कोरिया: परमाणु हथियार, बैलेस्टिक मिसाइल विकसित करने की कोशिशों पर गहरी चिन्ता
राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अधिकारी ने आगाह किया है कि कोरिया लोकतांत्रिक जन गणराज्य (उत्तर कोरिया) द्वारा परमाणु हथियारों और बैलेस्टिक मिसाइल को विकसित किए जाने की निरन्तर कोशिशें, गम्भीर चिन्ता का विषय हैं. यूएन अवर महासचिव रोज़मैरी डीकार्लो ने सुरक्षा परिषद में सदस्य देशों को बताया कि उत्तर कोरिया ने इस वर्ष, अपनी एक नई पाँच वर्षीय सैन्य विकास योजना को शुरू किया है, जोकि यूएन सुरक्षा परिषद के अनेक प्रस्तावों का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि प्योंगयांग की रणनीति, गोपनीय हथियारों के नए जखीरे को तैयार करने की है, जोकि परमाणु अप्रसार सन्धि समेत वैश्विक परमाणु निरस्त्रीकरण प्रयासों के लिए एक बड़ी चुनौती है.सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1718 (2006) में एक फ़्रेमवर्क प्रदान किया गया है, जोकि उत्तर कोरिया पर हथियारों समेत अन्य प्रतिबन्धों पर लक्षित है.मगर, रूस ने वर्ष 2024 में सुरक्षा परिषद में आए एक प्रस्ताव को वीटो कर दिया था, जिसमें प्रतिबन्धों की निगरानी के लिए यूएन स्वतंत्र पैनल की भूमिका के नवीनीकरण की बात कही गई थी. इसके बाद, अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से इन प्रतिबन्धों के लिए समर्थन संदेह के घेरे में है.अवर महासचिव डीकार्लो ने उत्तर कोरिया से अपने तयशुदा दायित्वों को पूरी तरह निभाने का आग्रह किया है. और महासचिव गुटेरेश की उस अपील को दोहराया है जिसमें उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से उत्तर कोरिया के सम्बन्ध में प्रासंगिक सुरक्षा परिषद प्रतिबन्धों का पालन करने का अनुरोध किया है. सैन्यीकरण पर चिन्तारोज़मैरी डीकार्लो ने सुरक्षा परिषद को बताया कि उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने इस वर्ष फ़रवरी में अपनी पाँच वर्षीय योजना में, परमाणु व बैलेस्टिक मिसाइल क्षमताओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया है.वर्ष 2025 के दौरान और 2026 के शुरुआती महीनों में, उत्तर कोरिया ने बैलेस्टिक मिसाइल परीक्षण जारी रखे हैं, जिनमें कम दूरी तक मार करने वाली प्रक्षेप्य (projectiles), मल्टीपल लॉन्च रॉकेट प्रणाली, लम्बी दूरी की रणनैतिक क्रूज़ मिसाइल और जहाज़ रोधी मिसाइल भी हैं. इसी महीने, अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक रफ़ाएल ग्रोस्सी ने चेतावनी दी थी कि उत्तर कोरिया में योंगब्योन परमाणु स्थल पर, विखंडनीय पदार्थ उत्पादन (fissile material production) की क्षमता में चिन्ताजनक वृद्धि हुई है.उन्होंने कहा कि इस अहम पड़ाव पर, परमाणु जोखिम में कमी लाया जाना, परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को रोकना और उनके पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रयास करना ज़रूरी है.कोरियाई प्रायद्वीप में तनावइस बीच, कोरियाई प्रायद्वीप पर सैन्य गतिविधियों में हुई वृद्धि के बीच तनाव बरक़रार है और अन्तर-कोरियाई व क्षेत्रीय संवाद के लिए सीमित विकल्प होने की वजह से ग़लत आकलन व निर्णय के प्रति चिन्ता गहरा रही है. राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों के लिए प्रमुख ने कहा कि तनाव घटाने और इन चिन्ताओं को दूर करने के लिए एकमात्र रास्ता, सतत शान्ति को हासिल करना और कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु जोखिम से मुक्त करना और उसे सत्यापित करना है. “इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए, संवाद व कूटनीति अपरिहार्य हैं.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement