सूडान का पत्रकार समूह, यूनेस्को प्रैस स्वतंत्रता पुरस्कार से सम्मानित
Source: UN News: सोमवार, 04 मई 2026 00:00 AM (IST)
सूडान में पत्रकारों के एक स्वतंत्र संगठन को इस वर्ष के लिए, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) प्रैस स्वतंत्रता पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है. यूनेस्को ने कहा है कि गृहयुद्ध से जूझ रहे देश में सटीक, जीवनरक्षक सूचना मुहैया कराने और मीडिया को जानबूझकर निशाना बनाए जाने के विरोध में अहम भूमिका के लिए इस संगठन को चुना गया है.
यूएन एजेंसी ने UNESCO/Guillermo Cano पुरस्कार की घोषणा ‘विश्व प्रैस स्वतंत्रता दिवस’ से ठीक पहले की है, जोकि हर वर्ष 3 मई को मनाया जाता है. यह पुरस्कार, प्रैस आज़ादी में असाधारण योगदान देने के लिए हर वर्ष किसी व्यक्ति, संगठन या संस्था को दिया जाता है, विशेष रूप से ख़तरनाक परिस्थितियों में कार्य के लिए.अप्रैल 2023 में सूडान के सशस्त्र बलों और अतीत में उसके सहयोगी रहे, अर्द्धसैनिक बल (RSF) के बीच लड़ाई भड़क उठी थी, जोकि अब भी जारी है और देश में एक विशाल मानवीय व विस्थापन संकट की वजह है.उसके बाद से अब तक, ‘सूडानी जर्नलिस्ट सिंडिकेट’ ने 32 पत्रकारों की मौतों, मीडियाकर्मियों के अधिकारों के 556 उल्लंघन मामलों और बड़ी संख्या में अख़बार व रेडियो स्टेशन बन्द हो जाने के बारे मे जानकारी जुटाई है.यूनेस्को ने ध्यान दिलाया है कि सूडान, विश्व भर में पत्रकारों के काम करने के लिए सबसे ख़तरनाक स्थानों में है. यूएन एजेंसी के महानिदेशक ख़ालेद अल-ऐनानी ने इस सिंडिकेट के सदस्यों के असाधारण साहस व अटूट संकल्प के लिए उनकी सराहना की.“विशाल चुनौतियों के बावजूद, वे अपने समुदायों तक सटीक, जीवनरक्षक सूचना पहुँचाने के अपने कार्य को हर दिन जारी रखे हुए हैं, एक बहुत अहम समय में.”“यह संकल्प, हम सभी के लिए एक शक्तिशाली उदाहरण है और सच्चाई, जवाबदेही व शान्ति के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा.”मूल्यों की रक्षा के लिए तत्परइस पत्रकार समूह के प्रमुख, अब्देलमोनेम अबूइद्रीस अली ने बताया कि यह अवार्ड, केवल ‘सूडानी जर्नलिस्ट सिंडिकेट’ के लिए ही पहचान नहीं है, बल्कि उन सभी सूडानी पत्रकारों के लिए एक श्रृद्धांजलि है, जो बेहद कठिन व ख़तरनाक परिस्थितियों में सच्चाई और प्रैस स्वतंत्रता की रक्षा के अपने प्रयासों को जारी रखे हुए हैं.उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और युद्ध से प्रभावित आम नागरिकों की आवाज़ को बुलन्द करने के लिए स्वतंत्र पत्रकारिता एक अहम भूमिका निभाती है.
UN Photo/Evan Schneider
लोकतंत्र में निष्पक्ष व स्वतंत्र मीडिया की भूमिका बहुत अहम है.
सूडान में गृहयुद्ध की वजह समाचार जुटाने के कार्य में व्यवधान आया है और देश में मीडिया परिदृश्य के लिए स्थिति बिगड़ी है. पत्रकारों को हिंसा व गिरफ़्तारी की धमकियों को सामना करना पड़ रहा है, और 90 प्रतिशत से अधिक मीडिया से जुड़े बुनियादी ढाँचों को बर्बाद कर दिया गया है.इंटरनेट ठप होने और दूरसंचार सेवाओं में व्यवधान के ज़रिए रिपोर्टिंग करने का काम और मुश्किल हो गया है. यूनेस्को के अनुसार, ये परिस्थितियाँ देश को एक सन्नाटे भर इलाक़े में बदलने के लिए मजबूर करती हैं, जहाँ विशाल हिस्सों में बसी आबादी अब सूचना निर्वात से जूझ रही है. ऐसे माहौल में प्रोपेगेंडा और ग़लत जानकारी व्यापक स्तर पर फैल रही है, नफ़रत को ईंधन मिल रहा है और ध्रुवीकरण में उछाल आया है.सूडानी पत्रकारों के लिए समर्थनयूएन एजेंसी ने युद्ध शुरू होने के बाद से निरन्तर सूडान में पत्रकारों के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की है. इसके तहत, गतिविधियों के ज़रिए, सूडानी मीडिया फ़ोरम स्थापित की गई है, जिसमें 20 से अधिक मीडिया समूह सदस्य हैं. यह संगठन प्रैस स्वतंत्रता की पैरवी करने और सूडान में मानवीय संकट पर अन्तरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान बनाए रखने के लिए सक्रिय है. इसके अलावा, पत्रकारों की आवश्यकताओं को समझने के लिए एक सर्वेक्षण भी कराया गया, जिसके ज़रिए पोर्ट सूडान नामक तटीय शहर में दो सुरक्षित आश्रय स्थल बनाए गए हैं. 49 पत्रकारों को सीधे तौर पर समर्थन मुहैया कराया जा चुका है जिनमें देश के भीतर से अन्य सुरक्षित इलाक़ों में उन्हें पहुँचाने में मदद करना या फिर अन्य देशों में उन्हें पहुँचाने की व्यवस्था करना है.इस पुरस्कार को, कोलम्बियाई पत्रकार गिलेरमो कानो इसाज़ा के सम्मान में 1997 में शुरू किया गया था, जिनकी राजधानी बोगोटा में 17 दिसम्बर 1986 को उनके अख़बार (El Espectador) के कार्यालय के सामने हत्या कर दी गई थी.मीडिया पेशेवरों से गठित एक अन्तरराष्ट्रीय ज्यूरी, विजेताओं का चयन करती है. इससे पहले, ग़ाज़ा में कवरेज कर रहे फ़लस्तीनी पत्रकारों, फ़िलिपींस की पत्रकार मारिया रेस्सा समेत रूसी पत्रकार दमीत्रि मुरातोव को इससे सम्मानित किया जा चुका है.