लेबनान में लड़ाई पर विराम लगाने के लिए, संघर्षविराम की घोषणा का स्वागत
Source: UN News: शनिवार, 18 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने लेबनान और इसराइल के बीच 10 दिनों के संघर्षविराम पर सहमति बन जाने का स्वागत किया है, और भरोसा दिलाया है कि यूएन, शान्ति स्थापना के प्रयासों को अपना समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है.
मध्य पूर्व में इसराइल, संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान में हिंसक टकराव भड़कने के बाद हिज़बुल्लाह ने इसराइल पर रॉकेट हमले किए थे, जिसके बाद, इसराइली सैन्य बलों ने लेबनान में बड़े स्तर पर अपनी सैन्य कार्रवाई शुरू की थी.इसी सप्ताह, संयुक्त राज्य अमेरिका के सौजन्य से वॉशिंगटन डीसी में लेबनान और इसराइल के बीच हुई बैठक हुई थी, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने तनाव में कमी लाने और हिंसा के चक्र को तोड़ने के लिए एक अहम क़दम बताया था. पिछले तीन दशकों में यह पहली बार है जब इसराइल और लेबनान के सीथे तौर पर सम्पर्क स्थापित हुआ.यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने गुरूवार को न्यूयार्क में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि लेबनान में एक स्थाई युद्धविराम और हिंसक टकराव के दीर्घकालिक समाधान के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रतिबद्ध है.संयुक्त राष्ट्र ने शान्ति स्थापना प्रयासों के लिए अपने समर्थन को दोहराया है और आग्रह किया है कि सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू किया जाना होगा. इसी प्रस्ताव के ज़रिए लगभग 20 वर्ष पहले, इसराइली सैन्य बलों और हिज़बुल्लाह के बीच हिंसक टकराव पर विराम लगा पाना सम्भव हुआ था. उन्होंने फिर दोहराया कि लेबनान और इसराइल के बीच हिंसक टकराव का कोई सैन्य समाधान नहीं है.यूएन प्रवक्ता ने ज़ोर देकर कहा कि लेबनान और इसराइल की जनता शान्ति में जीवन जीने के हक़दार हैं और उन्हें भरोसा है कि सभी युद्धरत पक्ष इस संघर्षविराम का पालन करेंगे.विध्वंस व विस्थापनयूएन स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, 2 मार्च के बाद लेबनान में स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर हमलों व हिंसा में अब तक 88 स्वास्थ्यकर्मी मारे जा चुके हैं और 158 घायल हुए हैं. मेफ़ादों नामक एक इलाक़े में हुए हमले के बाद वहाँ ऐम्बुलेंस को रवाना किया गया था, लेकिन उसके बाद हुए इसराइली हमलों में 4 स्वास्थ्यकर्मी मारे गए. इससे पहले दक्षिणी लेबनान में, मंगलवार को तेबनिन सरकारी अस्पताल के हवाई हमलों की चपेट में आने बड़े पैमाने पर क्षति हुई थी. इसराइली हमलों में 2,100 से अधिक लोगों की जान गई है और 7 हज़ार घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएँ व बच्चे भी हैं. 8 अप्रैल, इस हिंसक टकराव के सबसे घातक दिनों में था, जब भीषण हवाई हमलों सैकड़ों लोग मारे गए और एक हज़ार से अधिक घायल हुए. 10 लाख से अधिक लोग, लेबनान की सीमाओं के भीतर विस्थापित हुए हैं, जिनमें 1.40 लाख सामूहिक आश्रय स्थलों में रह रहे हैं.यूएन स्वास्थ्य एजेंसी की वरिष्ठ अधिकारी डॉक्टर हैनन बाल्ख़ि ने सोशल मीडिया पर अपने एक सन्देश में क्षोभ जताया है कि हिंसा के जारी रहने की वजह से, उन लोगों के लिए अफ़रातफ़री बढ़ती जा रही है, जो जीवनरक्षक देखभाल सेवाओं तक पहुँचना चाहते हैं.साथ ही, इससे कई पीढ़ियों के लिए सदमा गहरा होता जा रहा है. इसके मद्देनज़र, उन्होंने मध्य पूर्व में शान्ति स्थापना के लिए अपनी अपील को दोहराया है. डॉक्टर बाल्ख़ि ने ध्यान दिलाया कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अस्पतालों और अन्य नागरिक प्रतिष्ठानों पर हमले निषिद्ध हैं, लेकिन इसके बावजूद लेबनान के विभिन्न इलाक़ों में बार-बार घातक हमले किए गए हैं.