-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:42 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

‘समय बीता जा रहा है’: होर्मुज़ जलडमरूमध्य में व्यवधान से वैश्विक खाद्य संकट के बादल

Source: UN News: बुधवार, 15 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
‘समय बीता जा रहा है’: होर्मुज़ जलडमरूमध्य में व्यवधान से वैश्विक खाद्य संकट के बादल
मध्य पूर्व क्षेत्र में हिंसक टकराव के भड़कने, होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाज़ों की आवाजाही थमने और ईंधन व उर्वरक की आपूर्ति में व्यवधान आने से अगली बुआई के मौसम के लिए सामग्री की क़िल्लत हो रही है. साथ ही, खाद्य पदार्थों की क़ीमतों में उछाल आने और महंगाई की नई लहर की आशंका प्रबल हो रही है. ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच नाज़ुक युद्धविराम फ़िलहाल बना हुआ है, लेकिन उसके बावजूद, ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ जलमार्ग पर तेल, गैस व उर्वरक की आपूर्ति को वापिस शुरू करने में कोई मदद नहीं मिल पाई है.समाचार माध्यमों के अनुसार, अमेरिका ने ईरान के बन्दरगाहों का इस्तेमाल कर रहे जहाज़ों की नाकेबन्दी की घोषणा की है, और असुरक्षा के बीच सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ता जा रहा है. होर्मुज़ जलडमरूमध्य, रणनैतिक रूप से एक महत्वपूर्ण जलमार्ग है, जहाँ से विश्व भर में ऊर्जा ज़रूरतों व कृषि कार्यों के लिए तेल, गैस, उर्वरक व अन्य सामान की आपूर्ति की जाती है.28 फ़रवरी को इसराइल व अमेरिका द्वारा ईरान पर बमबारी किए जाने, और ईरान के जवाबी ड्रोन व मिसाइल हमलों की वजह से समुद्री परिवहन में व्यवधान आया है, जिसका असर दूर तक महसूस किया जा रहा है.खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्य अर्थशास्त्री मैक्सिमो टोरेरो ने बताया कि हमारे पास 30-35 प्रतिशत कच्चा तेल, और 20 प्रतिशत प्राकृतिक गैस है, जिसका परिवहन नहीं हो पा रहा है. 20-30 प्रतिशत तक उर्वरक की सप्लाई भी रुकी हुई है.सप्लाई चेन में कठिनाई © NASA/GSFC/Jacques Descloitres 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' की सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीर. ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम की घोषणा होने के बाद, व्यापारिक जहाज़ों की आवाजाही फिर से शुरू होने की उम्मीदें जगी थी, लेकिन अनिश्चितता बरक़रार है. बीते सप्ताहांत, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में भी कोई नतीजा फ़िलहाल नहीं निकल पाया है.पहले से ही अनेक जहाज़, खाड़ी क्षेत्र में फँसे हुए हैं और इस जलमार्ग में जहाज़ों व सामान की नई खेप अभी आनी है. जहाज़ों के मालिकों और बीमा कम्पनियों को सम्पत्तियों की ऊँची क़ीमतों व नाविकों की सुरक्षा का जोखिम है.तनाव समाप्त होने की स्थिति में भी, समुद्री यातायात के पूरी तरह से सामान्य होने में थोड़ा समय लग सकता है. FAO में कृषि-खाद्य आर्थिक शाखा के निदेशक डेविड लैबोर्डे ने सचेत किया कि यह देरी चिन्ताजनक है.संकट भड़कने से पहले, जितने मालवाहक जहाज़, खाड़ी क्षेत्रों से चले थे, वे पहले ही अपने गंतव्य तक पहुँच चुके हैं. यानि, दुनिया अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है, जहाँ सप्लाई में कठिनाइयाँ आ सकती हैं.“आने वाले दिनों में, हम वास्तव में आपूर्ति को रुकते हुए देखने जा रहे हैं.”खाद्य संकट की आशंकायूएन कृषि एजेंसी के अनुसार, कृषि लागत में आई तेज़ी के बावजूद, विश्व भर में खाद्य क़ीमतों में अभी उछाल दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन यह कोई अन्तर्निहित स्थिरता का संकेत नहीं है. फ़िलहाल, पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति है और भंडारण का स्तर ठीक है, जिससे कृषि-खाद्य व्यवस्था इस झटके के प्रति अब भी सुदृढ़ बनी हुई है. मगर, ये स्थिति बहुत लम्बे समय तक क़ायम नहीं रह सकती है.आगामी दिनों में, जैसे-जैसे किसान बुआई के लिए तैयारियों में जुटेंगे, उन्हें ऊँची क़ीमतों और उर्वरक की सीमित उपलब्धता का सामना करना पड़ेगा, जिससे उन्हें फ़सलें बदलनी पड़ सकती हैं और पैदावार कम होगी. इस वजह से, इस वर्ष के अन्त तक, या फिर अगले वर्ष के शुरू में खाद्य क़ीमतें बढ़ सकती हैं.आत्मनिर्भरता पर जोखिम © UNICEF/Giacomo Pirozzi तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात में महिलाएँ एक सब्ज़ी बाज़ार में ख़रीदारी करती हुईं. यह जोखिम, सम्पूर्ण खाद्य वैल्यू चेन पर है. कृषि कार्यों के लिए मशीनरी से लेकर परिवहन में ईंधन की आवश्यकता है, जबकि उर्वरक, विशेष रूप से नाइट्रोजन-आधारित उत्पाद कृषि पैदावार के लिए आवश्यक हैं, जिसके लिए प्राकृतिक गैस की आवश्यकता होती है.होर्मुज़ जलक्षेत्र में व्यवधान का व्यापक असर हो रहा है. अमेरिका से कैनेडा व ऑस्ट्रेलिया तक, किसान अपनी फ़सलों, उत्पादन के लिए ऊर्जा व अन्य सामान तक पहुँच पर निर्भर करते हैं. वहीं, आयात पर निर्भर देशों के सामने क़ीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई चेन में व्यवधान का ख़तरा है.तेल की ऊँची क़ीमतों की वजह से मक्का, गन्ना और तेलबीज के बजाय, किसान जैव-ईंधन के उत्पादन को अपना सकते हैं, जिससे भोजन व ईंधन के सन्तुलन पर असर होगा.FAO निदेशक डेविड लैबोर्डे के अनुसार, यदि जैव-ईंधन में सामान की अधिक खपत होती है और सप्लाई पहले से ही कम है, तो खाद्य क़ीमतों में उछाल आएगा.वैश्विक संकट, स्थानीय असर © आईएफएडी/इब्राहिमा केबे डायलो विकासशील देशों में निर्बल हालात में जीवन गुज़ार रहे समुदायों को बढ़ती क़ीमतों व सप्लाई चेन में व्यवधान से जूझना पड़ रहा है. (फ़ाइल) मोटे तौर पर यह संकट मध्य पूर्व में स्थित देशों में उपजा है, लेकिन उसके प्रभाव तेज़ी से फैल रहे हैं. एशियाई और अन्य विकासशील देशों में ऊर्जा, उर्वरक के आयात पर निर्भरता की वजह से चुनौतियाँ गहरी हुई हैं और यह बुवाई के मौसम से ठीक पहले हो रहा है. मुख्य अर्थशास्त्री मैक्सिम टोरेरो ने कहा कि यह पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ना शुरू होगा, और दक्षिण से उत्तर की तरफ़ भी.इसके आर्थिक व मानवीय, दोनों नतीजों का सामना करना होगा. खाद्य सामान की ऊँची क़ीमतों से निर्धन घर-परिवार सबसे अधिक प्रभावित हैं, जबकि बढ़ती महंगाई की वजह से सरकारों को सख़्त मौद्रिक नीति अपनानी पड़ सकती है, जिससे प्रगति की रफ़्तार धीमी होगी और कर्ज़ बढ़ेगा. किसानों पर भी दबाव बढ़ रहा है. निदेशक लैबोर्डे ने कहा कि जब आप उन पर अधिक दबाव डालते हैं, तो आप उन्हें दिवालिया बनाने की ओर धकेलते हैं. “और फिर उसका अर्थ है कि आपूर्ति की समस्या है... लम्बे समय के लिए.” ख़तरे की घंटी © WFP/Arete/Riyal Riffai कोलम्बो में 2022 की आर्थिक मन्दी ने राजनैतिक अस्थिरता पैदा कर दी थी, जिसमें लोगों को ज़रूरी चीज़ों के लिए भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. (फ़ाइल फ़ोटो) एशिया के बड़े हिस्सों में, व्यवधान के आरम्भिक संकेत नज़र आने लगे हैं. दक्षिण एशिया में ईंधन और उर्वरक की ऊँची क़ीमतों का असर खाद्य वस्तुओं के दाम पर हो रहा है और आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्थाएँ दबाव का सामना कर रही हैं.नेपाल में, जहाँ लाखों घर-परिवार खाड़ी देशों से प्राप्त होने वाले धन-प्रेषण (remittance) पर निर्भर हैं, आवाजाही में व्यवधान और परिवहन की ऊँची लागत का दंश महसूस किए जाने लगा है, जिससे यह चिन्ता भी बढ़ी है कि एक बाहरी झटका, किस तरह से घरेलू स्तर पर कठिनाई का कारण बना सकता है.यूएन एजेंसी ने देशों की सरकारों और अन्तरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं से जल्द से जल्द क़दम उठाने का आग्रह किया है. निम्न अल्पकालिक प्राथमिकताओं पर ज़ोर दिया गया है: व्यापार पाबन्दियों से बचना, नाज़ुक घर-परिवारों को सामाजिक संरक्षा के ज़रिए समर्थन देना, किसानों के लिए नक़दी सुनिश्चित करना.दीर्घकाल में, इस संकट ने ऊर्जा स्रोतों व विकल्पों में विविधता लाने, बुनियादी ढाँचे को मज़बूती देने और होर्मुज़ जलडमरूमध्य जैसे स्थानों पर निर्भरता घटाने की आवश्यकता को दर्शाया है.FAO ने सचेत किया है कि फ़िलहाल ऐसा नहीं है कि खाद्य संकट को न टाला जा सके, लेकिन उसकी रोकथाम करने के लिए समय तेज़ी से बीता जा रहा है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement