-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:22 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लेबनान: विस्फोट में 2 यूएन शान्तिरक्षकों की मौत, ऐसी घटनाएँ ‘अस्वीकार्य’ हैं

Source: UN News: गुरुवार, 02 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
लेबनान: विस्फोट में 2 यूएन शान्तिरक्षकों की मौत, ऐसी घटनाएँ ‘अस्वीकार्य’ हैं
शान्तिरक्षा मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र अवर महासचिव ज्याँ पिएर लाक्रोआ ने सोमवार को दक्षिणी लेबनान में हुए एक विस्फोट में दो इंडोनेशियाई शान्तिरक्षकों के मारे जाने की कठोर निन्दा करते हुए कहा कि इन घटनाओं को स्वीकार नहीं किया जा सकता है. इससे पहले, रविवार को एक अन्य घटना में इंडोनेशिया के एक अन्य शान्तिरक्षक की मौत हो गई थी और एक गम्भीर रूप से घायल हो गए थे. लेबनान में यूएन शान्तिरक्षा मिशन (UNIFIL) ने बताया है कि दक्षिणी लेबनान के बानी हय्यान नामक इलाक़े में हुए एक धमाके में यूएन मिशन का वाहन ध्वस्त हो गया, जिसमें दो शान्तिरक्षक मारे गए हैं. Tweet URL इसी घटना में दो अन्य शान्तिरक्षकों के घायल होने की भी ख़बर है, जिनमें एक की स्थिति गम्भीर बताई गई है. 28 फ़रवरी को मध्य पूर्व में इसराइल, संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान में भड़के हिंसक टकराव के बाद, लेबनान में हिज़बुल्लाह द्वारा इसराइल पर रॉकेट हमले किए गए, जिसके जवाब में, इसराइली सैन्य बलों ने देश के विभिन्न हिस्सों में कार्रवाई की है, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान गई है और लाखों विस्थापित हुए हैं.उत्तरी इसराइल और दक्षिणी लेबनान को अलग करने वाली रेखा, ‘ब्लू लाइन’ के इर्दगिर्द भी हवाई हमले और गोलाबारी हुई है जहाँ यूएन अन्तरिम बल (UNIFIL) के शान्तिरक्षक तैनात हैं.यूएन मिशन ने बताया है कि स्थिति बहुत नाज़ुक है और ‘ब्लू लाइन’ के दोनों तरफ़ इसराइली सैन्य बलों और हिज़बुल्लाह लड़ाकों के बीच टकराव जारी है. ‘अस्वीकार्य’ घटनाएँयूएन शान्तिरक्षा प्रमुख ज्याँ पिएर लाक्रोआ ने सोमवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत के दौरान, इन घातक घटनाओं की कड़े शब्दों में निन्दा की.उन्होंने कहा कि फ़िलहाल विस्फोट के स्रोत के बारे में पुख़्ता जानकारी नहीं मिल पाई है और मामले की जाँच की जा रही है.अवर महासचिव लाक्रोआ ने बताया कि यूएन शान्तिरक्षक, ज़मीन पर मौजूद हैं और सुरक्षा परिषद द्वारा सौंपे गए दायित्व को बहुत ख़तरनाक परिस्थितियों में निभा रहे हैं. उन्होंने इन घटनाओं को अस्वीकार्य क़रार देते हुए उनकी कठोर निन्दा की है. “शान्तिरक्षक कभी निशाना नहीं बनने चाहिए...उनकी जान को ख़तरे में डालने वाले सभी कृत्यों को रोका जाना होगा.”अवर महासचिव ने सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 के उल्लंघन मामलों पर कहा कि ‘ब्लू लाइन’ के इर्दगिर्द ऐसी अनेक घटनाएँ हुई हैं और लेबनान में इसराइली सेना की उपस्थिति है.इसी प्रस्ताव के ज़रिए लगभग 20 वर्ष पहले, इसराइली सैन्य बलों और हिज़बुल्लाह के बीच हिंसक टकराव पर विराम लगा पाना सम्भव हुआ था. ‘कोई सैन्य समाधान नहीं’अवर महासचिव लाक्रोआ ने कहा कि मौजूदा स्थिति का “कोई सैन्य समाधान नहीं हो सकता है. एक राजनैतिक समाधान ही निकालना होगा. एक राजनैतिक समाधान के लिए फ़्रेमवर्क मौजूद है, प्रस्ताव 1701, जिसके प्रति सभी पक्ष अब भी प्रतिबद्ध हैं.”यूएन शान्तिरक्षा मिशन, लेबनानी और इसराइली नागरिकों को हिंसा से बचाने के लिए अन्तरराष्ट्रीय रूप से मान्यता प्राप्त इसी प्रस्ताव को लागू करने के लिए प्रयासरत है.इससे पहले, यूएन प्रमुख ने अपने वक्तव्य में सचेत किया था कि शान्तिरक्षकों पर किए गए हमले, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून और सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का उल्लंघन है, जिन्हें युद्ध अपराधों की श्रेणी में रखा जा सकता है.शान्तिरक्षा मामलों के प्रमुख ने यूएन प्रमुख की अपील दोहराते हुए सभी पक्षों से आग्रह किया कि लड़ाई पर विराम लगाना होगा, और प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू करने से ही, इस टकराव का दीर्घकालिक समाधान निकाला जा सकता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement