-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लेबनान संकट: 'शान्तिरक्षकों को कभी निशाना नहीं बनाया जाना होगा'

Source: UN News: गुरुवार, 02 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
लेबनान संकट: 'शान्तिरक्षकों को कभी निशाना नहीं बनाया जाना होगा'
लेबनान में इसराइली सैन्य बलों और हिज़बुल्ला के बीच भीषण हिंसक टकराव की वजह से स्थिति ख़तरनाक ढंग से बिगड़ती जा रही है और अभूतपूर्व स्तर पर बमबारी हो रही है, जिसकी चपेट में आने से अनेक यूएन शान्तिरक्षक हताहत हुए हैं. शान्तिरक्षा मामलों के लिए यूएन अवर महासचिव ज्याँ पिएर लाक्रोआ ने मंगलवार को सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित करते हुए ध्यान दिलाया कि युद्धरत पक्षों को अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत अपने दायित्वों को निभाना होगा. 28 फ़रवरी को मध्य पूर्व में इसराइल, संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा ईरान पर हवाई बमबारी किए जाने और उसके बाद ईरान के जवाबी ड्रोन व मिसाइल हमलों से पूरे क्षेत्र में गहरा तनाव है. 2 मार्च को लेबनान में हिज़बुल्ला ने इसराइल पर रॉकेट हमले किए, जिसके बाद इसराइली सैन्य बलों ने बड़े पैमाने पर अपनी कार्रवाई शुरू की है. इन परिस्थितियों में, उत्तरी इसराइल और दक्षिणी लेबनान को अलग करने वाली रेखा, ‘ब्लू लाइन’ के इर्दगिर्द और उससे परे हिंसक टकराव में तेज़ी आई है.राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों के लिए सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने सुरक्षा परिषद को बताया कि लेबनान में स्थिति निरन्तर बिगड़ रही है और ‘ब्लू लाइन’ के आस-पास इलाक़े में भारी गोलाबारी हो रही है.उन्होंने कहा कि 11 मार्च के बाद से, हिज़बुल्लाह और इसराइल ने अपने सैन्य अभियानों के दायरे में विस्तार किया है. लेबनान में भीतर तक इसराइली सैन्य बलों की तैनाती हुई है और झड़पों में तेज़ी आई है.सहायक महासचिव ने सभी पक्षों से टकराव को रोकने और कूटनैतिक मार्ग के ज़रिए समाधान की दिशा में लौटने की अपील की है. साथ ही, उन्होंने सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 को पूर्ण रूप से लागू करने के लिए अपना समर्थन दोहराया है. भीषण हिंसक टकरावशान्तिरक्षा मामलों के प्रमुख ज्याँ पिएर लाक्रोआ ने बताया कि इसराइली सैन्य बलों की ज़मीनी कार्रवाई लेबनान में 11 किलोमीटर भीतर तक है, हिज़बुल्लाह के साथ भीषण झड़पें और व्यापक स्तर पर गोलाबारी हो रही है. ‘ब्लू लाइन’ से लगे उत्तरी इलाक़े में काफ़ी हद तक इसराइल का नियंत्रण हो गया है. “इस टकराव के कारण पीड़ित होने वाले आम नागरिकों की संख्या बढ़ती जा रही है.” वहीं, लेबनान में यूएन अन्तरिम बल (UNIFIL) को भी नुक़सान उठाना पड़ा है.30 मार्च को, बानी हय्यान नामक इलाक़े में हुए एक विस्फोट में यूएन मिशन में सेवारत, दो इंडोनेशियाई शान्तिरक्षकों की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे, जिनमें से एक की स्थिति गम्भीर है. इस घटना में शान्तिरक्षा टीम का वाहन ध्वस्त हो गया.आरम्भिक जाँच के अनुसार, सड़क मार्ग से गुज़र रहे यूएन क़ाफ़िले के एक विस्फोटक की चपेट में आने से यह घटना हुई. © UNIFIL हिंसा में शान्तिरक्षक हताहतइससे एक दिन पहले ही, UNIFIL मिशन के एक शिविर के नज़दीक गोलाबारी में इंडोनेशिया के ही एक और शान्तिरक्षक मारे गए थे और एक अन्य गम्भीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें बेरूत के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरम्भिक जाँच के अनुसार, एक प्रक्षेप्य (projectile) के वहाँ गिरने से यह विस्फोट हुआ.अवर महासचिव लाक्रोआ ने ज़ोर देकर कहा कि इस तरह की त्रासदीपूर्ण घटनाएँ नहीं होनी चाहिए थीं.“इसे अक्सर दोहराए जाने की आवश्यकता रही है: शान्तिरक्षकों को कभी भी निशाना नहीं बनाया जाना होगा. उनकी जान ख़तरे में डालने वाले सभी कृत्यों को तुरन्त रोका जाना होगा.”उन्होंने सभी युद्धरत पक्षों से आग्रह किया है कि शान्तिरक्षकों की सुरक्षा व सलामती को सदैव ध्यान रखा जाना होगा, और तयशुदा दायित्वों को निभाया जाना होगा.ज्याँ पिएर लाक्रोआ के अनुसार, इसराइली सैन्य बल, लेबनान में बढ़ते जा रहे हैं और नाक़ोरा में यूएन शान्तिरक्षा मिशन के बहुत नज़दीक हैं.उन्होंने कहा कि इस ख़तरनाक समय में, सुरक्षा परिषद को यूएन मिशन के लिए मज़बूती से, एकजुट होकर समर्थन दर्शाना होगा. यह न केवल अहम है, बल्कि अनिवार्य है. जबरन विस्थापित होने का दंश © WFP/Alfredo Zuniga लेबनान की राजधानी बेरूत में एक तटीय इलाक़े में विस्थापित महिलाएँ व बच्चे, ज़मीन पर कम्बल बिछा कर रहने के लिए मजबूर हैं. आपात राहत मामलों में समन्वय के लिए यूएन प्रमुख टॉम फ़्लैचर ने लेबनान की राजधानी बेरूत से सुरक्षा परिषद में सदस्य देशों को परिस्थितियों से अवगत कराया.उन्होंने बताया कि वह बीती रात बेरूत पहुँचे, जहाँ उन्हें जिस स्तर पर बेचैनी, तनाव और मायूसी दिखाई दी, वैसी पिछले कई वर्षों में नहीं देखी गई है. अवर महासचिव फ़्लैचर ने कहा कि उनकी लेबनान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाक़ात हुई है, जिसमें स्थिति की गम्भीरता पर चर्चा हुई. वह बुधवार को संसद स्पीकर से मिलेंगे.आपात राहत मामलों के प्रमुख ने कहा कि ‘ब्लू लाइन’ के दोनों ओर जिस तरह से स्थिति उपजी है, उस पर न केवल गम्भीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है, बल्कि बदतरीन संकट को टालने के लिए सामूहिक रूप से क़दम उठाए जाने होंगे.दक्षिणी लेबनान, बेरूत के दक्षिणी हिस्सों और बेका घाटी के कुछ इलाक़ों में हिंसक टकराव की वजह से मानवीय चुनौतियाँ गहरा रही हैं.“लाखों आम नागरिकों के लिए अब भी जोखिम है,” और सैन्य कार्रवाई की वजह से गाँव पूरी तरह ध्वस्त होते जा रहे हैं.वहीं, ‘ब्लू लाइन’ के ऊपर से उत्तरी इसराइल पर रॉकेट हमले किए गए हैं, और वर्तमान परिस्थितियों में आम नागरिक, जबरन विस्थापन के चक्र में पिस रहे हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement