-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मध्य पूर्व में स्थिति 'दरकने के कगार पर', युद्धविराम व कूटनैतिक उपायों का आग्रह

Source: UN News: सोमवार, 16 मार्च 2026 00:01 AM (IST)
मध्य पूर्व में स्थिति 'दरकने के कगार पर', युद्धविराम व कूटनैतिक उपायों का आग्रह
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने चेतावनी दी है कि मध्य पूर्व संकट की वजह से अन्तरराष्ट्रीय व्यापार में व्यवधान आया है, ईंधन की क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं और अस्थिरता व असुरक्षा गहरा रही है. इसके मद्देनज़र, उन्होंने सभी युद्धरत पक्षों से टकराव को तुरन्त रोकने, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का पालन करने, और वार्ता की मेज़ पर वापिस लौटने का आग्रह किया है. यूएन के शीर्षतम अधिकारी, तुर्कीये की यात्रा पर हैं, जहाँ उन्हें शान्ति के लिए ‘अतातुर्क अन्तरराष्ट्रीय पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है. महासचिव ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि विश्व भर में, हम शान्ति की बहुत बातें करते हैं, लेकिन उसे कम ही देख पाते हैं. Tweet URL “अन्तरराष्ट्रीय क़ानून को कुचला जाना जारी है, शक्ति की राजनीति फिर से पनप रही है, असमानताएँ बढ़ रही हैं. कृत्रिम बुद्धमिता (एआई) समेत नई टैक्नॉलॉजी से, रोकथाम के बजाय हिंसा में तेज़ी आने का जोखिम है.”“सैन्य ख़र्च आसमान छू रहे हैं, जबकि जीवनरक्षक मानवीय सहायता निरन्तर घटती जा रही है.”अस्वीकार्य क़ीमतयूएन प्रमुख ने क्षोभ व्यक्त किया कि इन परिस्थितियों में आम नागरिक एक बड़ी क़ीमत चुका रहे हैं. जीवन, समुदाय बर्बाद होते जा रहे हैं. उन्होंने मध्य पूर्व में घटनाक्रम को एक त्रासदीपूर्ण उदाहरण क़रार दिया. “संयुक्त राज्य अमेरिका और इसराइल द्वारा किए गए विशाल सैन्य हमले और उसके बाद ईरान के अनेक देशों पर जवाबी हमले, अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा के लिए एक गम्भीर ख़तरा है, और इससे आम नागरिकों के लिए अपार पीड़ा उपजी है.”उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र दरकने के कगार पर धकेला जा रहा है, जिसके दुष्परिणाम विश्व भर में महसूस किए जा रहे हैं. व्यापार में व्यवधान आया है, ईंधन की क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं और अस्थिरता व असुरक्षा गहरा रही है.महासचिव ने ध्यान दिलाया कि हमेशा की तरह, इस बार भी सबसे निर्बलों को सर्वाधिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र और दुनिया को जल्द से जल्द इस रास्ते से हटने की ज़रूरत है.“टकराव व तनाव में कमी लाकर और सम्वाद के ज़रिए ही ऐसा किया जा सकता है.”‘आइए, शान्ति को अवसर दें’यूएन महासचिव, रमदान के अवसर पर मुस्लिम देश की अपनी पारम्परिक यात्रा के लिए इस वर्ष तुर्कीये का दौरा कर रहे है, जहाँ उन्हें शान्ति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है.यूएन शरणार्थी एजेंसी के उच्चायुक्त के रूप में, 2005 से 2015 के दौरान अपने कार्यकाल में, उन्होंने एकजुटता के लिये रमदान के महीने में रोज़ा रखने की एक परम्परा शुरू की थी. इसी सिलसिले में वह एक मुस्लिम देश की यात्रा भी करते हैं.महासचिव ने बताया कि ये यात्राएँ, यह इस्लाम के वास्तविक सन्देश को याद करने का एक शक्तिशाली माध्यम हैं: करुणा, समुदाय, सम्वेदना व सहानुभूति.“इस वर्ष, रमदान पर मुझे यह मज़बूत एहसास हुआ कि मेरी एकजुटता यात्रा यहाँ तुर्कीये में होनी चाहिए. मैं तुर्कीये के लोगों की असाधारण व उदार भावना को विश्व भर में प्रकाशित करने के इरादे से यहाँ आया हूँ.” यूएन प्रमुख ने यह सम्मान, संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों की ओर से स्वीकार किया है, जोकि विश्व भर में मानवीय सहायता और शान्ति निर्माण के लिए उनके प्रयासों का सम्मान है. साथ ही, उन्होंने ग़ाज़ा पट्टी में मारे गए कर्मचारियों को श्रृद्धांजलि अर्पित की.उन्होंने कहा, “आइए, हम शान्ति को एक अवसर दें.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement