संक्षेप में: भूमध्यसागर में नौका दुर्घटनाएँ, ग़ाज़ा में युद्धविराम बनाए रखने पर बल
Source: UN News: बुधवार, 28 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने भूमध्यसागर जल क्षेत्र में पिछले 10 दिनों के भीतर जहाज़ों के डूबने और उनमें प्रवासियों के मारे जाने की अनेक घटनाओं पर चिन्ता जताई है. उधर, संयुक्त राष्ट्र ने दोहराया है कि ग़ाज़ा पट्टी में युद्धविराम के लिए ज़रूरी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से लागू किया जाना बहुत महत्वपूर्ण है.
ट्यूनीशिया के तट से चली एक नाव की तलाश में चलाए गए बचाव अभियान के बाद, इटली के लैम्पेडूसा में 3 लोगों की मौत होने की पुष्टि की गई. जीवित बचे व्यक्तियों ने बताया कि एक अन्य नाव भी उसी समय तट से चली थी लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है.एक अन्य घटना में, लीबिया में स्थित तोबरुक के तट के नज़दीक एक अन्य जहाज़ के डूबने में कम से कम 51 लोगों के मारे जाने की आशंका है. अभी इन घटनाओं के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी नहीं मिल पाई है और यूएन प्रवासन एजेंसी मृतकों के आँकड़े को जुटाने का प्रयास कर रही है.IOM ने कहा है कि इन त्रासदियों ने फिर दर्शाया है कि मानव तस्करी के नैटवर्कों के दंडहीनता की भावना के साथ काम जारी रखने से किस तरह के घातक दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं.बताया गया है कि जहाज़ डूबने की ये घटनाएँ, चक्रवाती तूफ़ान ‘हैरी’ के दौरान हुई हैं, जोकि भूमध्यसागर क्षेत्र में असाधारण रूप से एक भीषण तूफ़ान था.यूएन एजेंसी ने ध्यान दिलाया कि तस्करों द्वारा, समुद्र में ना जाने लायक, भीड़ से भरी नावों में प्रवासियों को सवार किया जाना एक आपराधिक कृत्य है. और तूफ़ानी परिस्थितियों में जानबूझकर लोगों को ऐसी यात्रा पर भेजा जाना, जिसमें मौत का निश्चित जोखिम हो, वो और भी क्षोभजनक है.ग़ाज़ा में युद्धविराम व्यवस्था का पालन बेहद अहम
UN News
ग़ाज़ा में, बहुत से लोग अस्थाई शिविरों में रहने को विवश हैं, जहाँ सर्दीले व तूफ़ानी मौसम ने उनकी मुश्किलें बढ़ दी हैं. उनके तम्बुओं में अक्सर बारिश का पानी भर जाता है.
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने ज़ोर देकर कहा है कि ग़ाज़ा पट्टी में युद्धविराम के लिए व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से लागू किया जाना बहुत महत्वपूर्ण है.महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सभी पक्षों से आग्रह किया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका के नेतृत्व वाली युद्धविराम योजना के अन्य चरणों को पूरे सदभाव के साथ, बिना किसी देरी के, लागू किया जाना होगा.इसके तहत, रफ़ाह सीमा चौकी के ज़रिए ग़ाज़ा में ज़रूरतमन्द आबादी तक निरन्तर, बेरोकटोक मानवीय सहायता पहुँचाया जाना, और अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का निरन्तर पालन अहम है.यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि इस समझौते को पूर्ण रूप से ज़मीन पर लागू करने के लिए संयुक्त राष्ट्र अपना समर्थन जारी रखेगा.इस बीच, यूएन ने ग़ाज़ा में अन्तिम इसराइली बन्धक के शव को बरामद किए जाने की ख़बरों का स्वागत किया है. यूएन प्रवक्ता ने इसराइली नागरिक, रान ग्विलि के परिजन के प्रति अपनी सम्वेदना को व्यक्त किया है.“पहले दिन से ही, महासचिव और यूएन नेतृत्व ग़ाज़ा में बन्धकों के तौर पर रखे गए लोगों की तत्काल, बिना शर्त रिहा किए जाने की अपील करते रहे हैं.” रान ग्विलि, उन 250 से अधिक इसराइली व विदेशी नागरिकों में थे, जिन्हें हमास व अन्य फ़लस्तीनी हथियारबन्द गुटों ने 7 अक्टूबर 2023 को, दक्षिणी इसराइल पर हमलों के दौरान बन्धक बना लिया था. इन हमलों में 1,250 इसराइली व विदेशी नागरिक मारे गए थे.