सूडान: यूएन ने युद्धरत पक्षों से, युद्धविराम लागू करने की अपील दोहराई
Source: UN News: मंगलवार, 30 दिसम्बर 2025 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र ने, सूडान के युद्धरत पक्षों से समझौते का रास्ता अपनाने और तत्काल युद्धविराम लागू करने की अपील दोहराई है. यूएन के अनुसार, देश में ड्रोन हमले, लोगों का बढ़ता विस्थापन और शान्तिरक्षकों की हत्याओं के मामले, आम लोगों और मानवीय सहायता कर्मियों के लिए बढ़ते ख़तरों को उजागर कर रहे हैं.
यह अपील, इस सप्ताह सुरक्षा परिषद की बैठक में सूडान के अन्तरिम प्रधानमंत्री द्वारा पेश की गई शान्ति पहल के बाद दोहराई गई है.यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने शान्ति पहल का संज्ञान लिया है. उनके प्रवक्ता ने शुक्रवार को उनके हवाले से कहा कि यह युद्ध नए वर्ष में प्रवेश कर रहा है, तो स्थाई और समावेशी शान्ति की दिशा में प्रयास करना बेहद ज़रूरी हैं.उन्होंने सभी पक्षों से तुरन्त युद्धविराम पर सहमति बनाने और एक स्थाई युद्धविराम की दिशा में काम करने की अपील की है, जो सूडान की एकता और क्षेत्रीय अखंडता को बनाए रखे.सूडान के लिए यूएन प्रमुख के व्यक्तिगत दूत रैमताने लमामरा, दोनों पक्षों के साथ परामर्श आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं, ताकि एक समावेशी और स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जा सके.यह प्रयास, सदस्य देशों और क्षेत्रीय साझीदारों की जारी कोशिशों को भी सुदृढ़ करता है.
WFP
सूडान में दो वर्ष से अधिक समय से जारी युद्ध में लाखों लोग हताहत हुए हैं और लाखों ही विस्थापित हुए हैं.
शान्ति के प्रयास जारीदेश में धरातल पर बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच, शान्ति बनाए रखने की कोशिशें जारी हैं.इस सप्ताहान्त, संयुक्त राष्ट्र का शान्ति मिशन, तेल-समृद्ध आबिये क्षेत्र में, अपना मिशन समाप्त कर रहा है. मिशन ने, दक्षिण कोर्दोफ़ान के कडुग्ली में अपना संचालन केन्द्र ख़ाली कर दिया, जिससे वहाँ क़रीब 13 साल से चल रहे उनके अभियान का अन्त हो गया.यह वापसी 13 दिसम्बर को हुए ड्रोन हमलों के बाद की जा रही है, जिसमें 6 बांग्लादेशी यूएन शान्तिरक्षकों की मौत हुई और 9 अन्य गम्भीर रूप से घायल हुए थे.उधर, युद्ध के कारण उपजी मानवीय ज़रूरतें भी लगातार बढ़ रही हैं.हालिया यूएन आकलन के अनुसार, सूडान में महिला प्रमुखों वाले परिवार अधिक संवेदनशील स्थिति में हैं. उन्हें नक़दी, शिक्षा और पानी जैसी सेवाओं तक कम पहुँच है, और वे विस्थापन व सुरक्षा से जुड़े ख़तरों के अधिक जोखिम में हैं.