यूक्रेन: बढ़ते हमले, बढ़ती सर्दी, आम लोगों पर दोहरी मार
Source: UN News: गुरुवार, 11 दिसम्बर 2025 00:01 AM (IST)
यूक्रेन में लोगों को बीते सप्ताहान्त के दौरान भी हमलों में बढ़ोत्तरी का सामना करना पड़ा है. ऐसे में संयुक्त राष्ट्र ने, एक ऐसे चिन्ताजनक चलन के बारे में आगाह किया है जिसमें हमले बढ़ाए जा रहे हैं और बुनियादी सेवाओं के ढाँचे को नुक़सान पहुँचाया जा रहा है, जबकि सर्दियाँ बढ़ रही हैं.
यूक्रेन की सरकार ने, गत शुक्रवार और सोमवार के दरम्यान, 100 से अधिक लोगों के हताहत होने की ख़बरें दी हैं, जिनमें 20 लोगों की मृत्यु शामिल है.संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क में नियमित प्रैस वार्ता में बताया कि यूएन राहत समन्वय एजेंसी – OCHA ने, विशेष रूप से हमलों की बढ़ती संख्या और उसके दायरों पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है.प्रवक्ता ने कहा कि हाल के दिनों में, युद्धक गतिविधियों के अग्रिम स्थानों पर हमलों में सघनता देखी गई है और इन हमलों में, अति महत्वपूर्ण नागरिक बुनियादी ढाँचे को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.उन्होंने कहा कि इन हमलों के परिणामस्वरूप, देश भर में महत्वपूर्ण सेवाओं के संचालन में बाधाएँ खड़ी हो रही हैं और बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है.ख़बरों के अनुसार, सप्ताहान्त के हमलों में दो बच्चों की भी मौत हुई है और अनेक अन्य घायल हुए हैं. इन हमलों में सूमी, ख़ारकीव, दोनेत्स्क और ज़ैपोरिझझिया क्षेत्रों में अधिक निशाने बनाए गए.प्रवक्ता ने बताया कि चैर्नीहीव, क्रेमेंचुक और अन्य इलाक़ों में, बिजली, गर्माहट रखने वाली प्रणालियों और पानी आपूर्ति में बाधाएँ उत्पन्न हुई हैं.स्वास्थ्य सेवाएँ भी लड़ाई की चपेट में आई हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने बताया है कि ख़ेरसॉन नगर में, एक जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य केन्द्र पर हुए हमले में, वहाँ की जल व गैस आपूर्ति को नुक़सान पहुँचा है.अन्य स्थानों पर भी हमलों में सिविल बुनियादी ढाँचे को भारी नुक़सान पहुँचा है. कीव क्षेत्र में, एक हमले ने, फ़ैस्टिव क़स्बे में रेलवे स्टेशन को तबाह कर दिया.मानवीय सहायता टीमें, आपात सहायता मुहैया कराने में सक्रिय हैं, जिसमें लोगों को सर्दियों का मुक़ाबला करने के लिए मदद भी शामिल है.प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि यूक्रेन में हाल के घटनाक्रम, देश में बदतर होती मानवीय स्थिति के बारे में गहरी चिन्ता उत्पन्न करते हैं क्योंकि सर्दियाँ बहुत निकट हैं.