अवैध हथियार भड़का रहे हैं हिंसक टकराव, क़ाबू पाने की पुकार
Source: UN News: गुरुवार, 13 नवम्बर 2025 00:01 AM (IST)
दुनिया भर में इस समय एक अरब से अधिक अवैध हथियार चलन में हैं जो दुनिया भर में हिंसक टकरावों को भड़काने के लिए प्रयोग किए जा रहे हैं और जिनसे संगठित अपराध और लोगों का विस्थापन भी बढ़ रहा है. संयुक्त राष्ट्र ने इन छोटे व हल्के हथियारों पर क़ाबू पाने की पुकार लगाई है.
संयुक्त राष्ट्र के निरस्त्रीकरण मामलों के उप प्रमुख एदेदेजी ऐबो ने सोमवार को सुरक्षा परिषद में इस मुद्दे पर हुई चर्चा में बताया है कि दुनिया इस समय देशों की सीमाओं से परे हिंसक घटनाओं का सामना कर रही है जिन्हें छोटे व हल्के हथियारों से अंजाम दिया जाता है.यूएन निरस्त्रीकरण अधिकारी ने टकरावों, संगठित अपराधों और लोगों के विस्थापन का कारण बनने वाले अवैध हथियारों की उपलब्धता व प्रवाह को रोकने के लिए, एक समन्वित वैश्विक कार्रवाई किए जाने की पुकार लगाई है.एदेदेजी ऐबो ने सुरक्षा परिषद में कहा कि शस्त्र नियंत्रण ढाँचे को मज़बूत किए जाने के हाल के प्रयासों के बावजूद, दुनिया भर में इस समय “एक अरब से भी अधिक हथियार चलन में हैं”, जो अनेक क्षेत्रों में, टकरावों, आतंकवाद और आपराधिक नैटवर्कों का ईंधन बने हुए हैं.उन्होंने बिना पहचान या पंजीकरण वाली ऐसी बन्दूकों के बढ़ते चलन की तरफ़ भी ध्यान आकर्षित किया, जिनके कोई नम्बर नहीं होते हैं और जो पश्चिमी योरोप व लातीनी अमेरिका के अवैध बाज़ारों में धड़ल्ले से देखी जा रही हैं.इनसानों के दुश्मनइन अवैध हथियारों की मौजूदगी और प्रयोग से भारी मानवीय नुक़सान होता है. वर्ष 2024 में संयुक्त राष्ट्र ने, टकराव के हालात में लगभग 48 हज़ार लोगों की मौतें दर्ज कीं, जिनमें से क़रीब 30 प्रतिशत मौतों के लिए, किसी ना किसी सन्दर्भ में छोटे हथियारों का प्रयोग ज़िम्मेदार था.
UN Photo/Loey Felipe
एदेदेजी ऐबो ने ज़ोर देकर कहा, “इस उत्पीड़न को रोका जा सकता है”, और साथ ही, हथियारों के भंडारों पर और अधिक कड़े नियंत्रण और शस्त्रों पर लगे प्रतिबन्धों की व्यवस्था का कड़ा पालन किए जाने का आहवान भी किया.अन्तरराष्ट्रीय पुलिस संगठन – INTERPOL के लिए संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि रोराइमा ऐना ऐंडरियानी ने आगाह करते हुए कहा कि अवैध शस्त्रों की तस्करी, अब सीमाओं से भी परे संगठित अपराधों के साथ बहुत गहराई से जुड़ी हुई है क्योंकि गिरोह, इलाक़ों पर नियंत्रण करने, अवैध आर्थिक गतिविधियों का संरक्षण करने और अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए, हथियारों का प्रयोग करते हैं.रोराइमा ऐना ऐंडरियानी ने कहा कि यह हिंसा की एक ऐसी सीमा पार श्रृंखला है जिससे देशों के बीच सहयोग के ज़रिए ही निपटा जा सकता है.”एदेदेजी ऐबो ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि मौजूदा समय में जो हथियार बनाए और बेचे जाते हैं, उनसे भविष्य में अस्थिरता उत्पन्न होने का जोखिम है.उन्होंने सुरक्षा परिषद से, छोटे हथियारों पर नियंत्रण के मुद्दे को, शान्तिरक्षा अभियानों, शान्तिरक्षा रणनीतियों और प्रतिबन्धों पर निगरानी में समाहित करने का आग्रह किया.“हमारी ज़िम्मेदारी स्पष्ट है. हमें हथियारों को ग़लत हाथों में पड़ने से रोकना होगा और साथ ही छोटे व हल्के हथियारों के अवैध निर्माण को भी रोकना होगा, अन्यथा हम अत्यधिक गहरी होती असुरक्षा के गम्भीर परिणामों का सामना करेंगे.”