लेबनान: भारतीय शान्ति रक्षकों ने शुरू किया कंप्यूटर साक्षरता अभियान
Source: UN News: सोमवार, 06 अक्टूबर 2025 00:01 AM (IST)
लेबनान में तैनात संयुक्त राष्ट्र अन्तरिम बल (UNIFIL) के भारतीय शान्तिरक्षकों ने, दक्षिण-पूर्वी इलाक़े में, स्थानीय महिलाओं के लिए एक कंप्यूटर साक्षरता अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय के आर्थिक अवसरों को बढ़ाना है. इस कार्यक्रम के ज़रिए महिलाओं के सशक्तिकरण में भी मदद मिलने की आशा है.
यह एक महीने का प्रशिक्षण कार्यक्रम, 17 सितम्बर से शुरू हुआ है, जिसमें कफ़ार शौबा, कफ़ार हम्माम और एल हेब्बारिये गाँवों की 25 महिलाएँ हिस्सा ले रही हैं.इसमें बुनियादी कंप्यूटर कौशल के साथ-साथ, माइक्रोसॉफ़्ट वर्ड, ऐक्सेल और पावरपॉइंट जैसे, व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाले कार्यक्रमों व सुविधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनके लिए रोज़गार के अवसर बढ़ सकें.महिला सशक्तिकरण की ओर एक क़दमभारतीय टुकड़ी के कमांडर कर्नल एन. ग्लैडसन ने इस पहल के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा, “हम इन महिलाओं को कंप्यूटर कौशल में निपुण बनाकर, उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, अवसरों का लाभ उठाने और अपने परिवार व समाज में और अधिक सार्थक योगदान देने में सक्षम बना रहे हैं.""ऐसी पहलें, महिलाओं को अपनी क्षमता पर विश्वास दिलाती हैं और समुदाय में अधिक समावेशिता व सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करती हैं.”एक प्रतिभागी मौना शेब्ली ने इस प्रशिक्षण के प्रभाव को लेकर आशा जताते हुए कहा, “यह मुझे उम्मीद देता है कि मैं अपने परिवार के लिए और अधिक कर सकती हूँ और यहाँ तक कि अपने बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर सकती हूँ.”भारतीय शान्ति रक्षक, स्थानीय अधिकारियों और Awareness and Consolation Association (ACA) नामक स्थानीय संस्था के साथ समन्वय से, इस पहल के दायरे और भौगोलिक पहुँच को और बढ़ाने की योजना बना रहे हैं.