-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पोलैंड के वायु क्षेत्र में रूसी ड्रोन के घुसने पर, यूएन महासचिव की चिन्ता

Source: UN News: सोमवार, 15 सितम्बर 2025 00:01 AM (IST)
पोलैंड के वायु क्षेत्र में रूसी ड्रोन के घुसने पर, यूएन महासचिव की चिन्ता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, पोलैंड के हवाई क्षेत्र में रूसी ड्रोन के घुस आने की ख़बरों पर नज़र बनाए हुए हैं. इस घटना में कुछ रिहायशी इलाक़ों में क्षति हुई है. यूएन प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि रूसी सैन्य बलों द्वारा यूक्रेन में हाल ही में व्यापक पैमाने पर किए गए ड्रोन व मिसाइल हमलों के बीच यह घटना हुई है.समाचार माध्यमों के अनुसार, पोलैंड की प्रशासनिक एजेंसियों ने उत्तर अटलांटिक सन्धि संगठन (NATO) के सहयोगियों के समर्थन से अनेक रूसी ड्रोन को मार गिराया, जोकि मंगलवार मध्य रात्रि को पोलैंड के हवाई क्षेत्र में घुस आए थे.यह पहली बार है जब नेटो गठबन्धन में किसी सदस्य देश के वायु क्षेत्र में किसी रूसी ड्रोन को ध्वस्त किया गया है.पोलैंड के प्रधानमंत्री डॉनल्ड टस्क ने आगाह किया है कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार है जब उनका देश किसी टकराव के नज़दीक पहुँच गया.यूएन प्रवक्ता ने बुधवार को न्यूयॉर्क में अपनी नियमित पत्रकार वार्ता में कहा कि इस घटना से उपजे हालात पर चिन्ता जताई है.यूक्रेन युद्ध का प्रभावफ़रवरी 2022 में, रूसी सेना द्वारा यूक्रेन पर किए गए आक्रमण के बाद पोलैंड के हवाई क्षेत्र के उल्लंघन की कुछ घटनाएँ हुई हैं, लेकिन मंगलवार को हुई यह घटना दर्शाती है कि इस क्षेत्र पर युद्ध का असर जारी है और बढ़ रहा है.उन्होंने दोहराया कि यूक्रेन में पूर्ण रूप से, तुरन्त, बिना किसी शर्त के युद्धविराम लागू किए जाने और व्यापक व सतत शान्ति स्थापना की आवश्यकता है.ऐसे किसी समझौते में यूक्रेन की सम्प्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का ध्यान रखना होगा, यूएन चार्टर, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून व प्रासंगिक यूएन प्रस्तावों के अनुरूप.संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सभी पक्षों से अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का सम्मान और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. उन्होंने ध्यान दिलाया है कि यह घटना, एक बार फिर, भयावह यूक्रेन युद्ध से वृहद क्षेत्र पर होने वाले असर को रेखांकित करती है.पोलैंड ने वर्ष 1999 में, हंगरी, चैक गणराज्य के साथ नेटो की सदस्यता ग्रहण की थी, और तब पहली मध्य व पूर्वी योरोप में सैन्य गठबंधन का विस्तार हुआ था.इस बीच, समाचार माध्यमों ने रूसी प्रतिरक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा है कि इन ड्रोन से यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से में सैन्य-औद्योगिक केन्द्रों को निशाना बनाया गया था और पोलैंड में उन्हें भेजने की मंशा नहीं थी.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement