Source: UN News: बुधवार, 10 सितम्बर 2025 00:01 AM (IST)
इसराइली प्रशासन के अनुसार, येरूशलम में दो फ़लस्तीनी बन्दूकधारियों द्वारा एक बस स्टॉप पर की गई गोलीबारी में कम से कम छह लोगों के मारे जाने की ख़बर है और अनेक अन्य घायल हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इस घटना की कड़े शब्दों में निन्दा की है.
बताया गया है कि कुछ घायलों की स्थिति गम्भीर है. यह घटना येरूशलम के उत्तरी हिस्से में स्थित रामोट में एक व्यस्त चौराहे के पास हुई, जब वहाँ बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो रही थी.यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के प्रवक्ता ने सोमवार को उनकी ओर से एक वक्तव्य जारी किया, जिसमें उन्होंने इस आतंकी हमले की निन्दा की है.उन्होंने पीड़ितों के परिजन के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है और सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, बन्दूकधारियों ने बस पर सवार होने की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को निशाना बनाया. घटनास्थल की वीडियो फ़ुटेज दर्शाती है कि अनेक बसें इस हमले की चपेट में आई हैं.इसराइली प्रशासन ने हमलावरों की शिनाख़्त करते हुए कहा कि दोनों फ़लस्तीनी हैं और क़ाबिज़ पश्चिमी तट से हैं. घटनास्थल पर मौजूद एक सैनिक व एक आम नागरिक ने उन दोनों को जान से मार दिया.स्पेन के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि पीड़ितों में एक उनके देश का नागरिक भी है.