सीरिया: लाखों लोगों के विस्थापन का अन्त करने के लिए, निरन्तर समर्थन ज़रूरी
Source: UN News: शुक्रवार, 05 सितम्बर 2025 00:01 AM (IST)
सीरिया में शान्ति व स्थापना के लिए प्रयासों को समर्थन देने और वर्षों तक जारी रहे गृहयुद्ध के कारण विस्थापित हुए लाखों लोगों की पीड़ा का अन्त करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को अपना समर्थन देना होगा. यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) की उप उच्चायुक्त कैली क्लेमेंट्स ने लेबनान व सीरिया के दौरे के समापन पर यह बात कही है.
उन्होंने अपनी पाँच-दिवसीय यात्रा के अन्त पर ध्यान दिलाया कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय, सीरिया में घटनाक्रम पर केवल पर्यवेक्षक बने रहने का जोखिम मोल नहीं ले सकता है.“उसे स्थिरता लाने, पुनर्बहाली प्रयासों को समर्थन देने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, और देश के पुनर्निर्माण व उसे आकार देने में मदद करनी होगी.”पिछले वर्ष दिसम्बर में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के पतन के बाद से अब तक, 12 लाख से अधिक सीरियाई नागरिक अपने देश लौट चुके हैं. इनमें से क़रीब साढ़े आठ लाख लोग लेबनान व मध्य पूर्व में अन्य क्षेत्रों से यहाँ पहुँचे हैं.सीरिया वापिस लौटने के इच्छुक लोगों के लिए यूएन शरणार्थी एजेंसी ने अपने समर्थन को बढ़ाया है, जिसके तहत उनके लिए धन व परिवहन की व्यवस्था की गई है, ताकि व गरिमामय ढंग से वापिस लौट सकें.इस बीच, सीरिया की सीमा के भीतर विस्थापित हुए लोग भी अपने घरों का रुख़ कर रहे हैं. 17 लाख से अधिक आन्तरिक विस्थापित लौट चुके हैं.सहयोग का संकल्पUNHCR उप उच्चायुक्त कैली क्लेमेंट्स ने अपनी यात्रा के दौरान सीरिया व लेबनान के शीर्ष अधिकारियों, हाल ही में देश लौटने वाले शरणार्थियों से मुलाक़ात की. उन्होंने सीरियाई शरणार्थियों को उदारता से आश्रय देने, उनकी मेज़बानी के लिए लेबनान का आभार प्रकट किया.जनवरी के बाद से अब तक दो लाख से अधिक सीरियाई शरणार्थी लेबनान से लौट चुके हैं. अनेक अन्य ने आगामी महीनों में वापिस आने की बात कही है.उन्होंने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि लेबनान और यूएन एजेंसी के लिए समर्थन जारी रखना होगा. लाखों सीरियाई शरणार्थी पड़ोसी देशों में रह रहे हैं और दुनिया को उन्हें नहीं भुलाना होगा.कैली क्लेमेंट्स ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में उन लोगों से मुलाक़ात की, जिन्हें आश्रय सहायता प्रदान की गई है ताकि वे लघु व्यवसाय शुरू कर सकें.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सीरिया में UNHCR और साझेदार संगठन, ज़मीनी स्तर पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अभी और प्रयासों की आवश्यकता है, जिनके लिए अन्तरराष्ट्रीय संकल्प अहम होगा.