पोषण की पाठशाला: 'न्यूट्री-गार्डन' के ज़रिए बेहतर सेहत के साथ सीख भी
Source: UN News: बुधवार, 11 जून 2025 00:00 AM (IST)
भारत के राजस्थान राज्य के स्कूलों में ऐसे पोषण उद्यान (nutrition garden) लगाए गए हैं, जिन्हें विशेष रूप से छात्रों के पोषण व शिक्षा में सुधार लाने के लिए तैयार किया गया है. इन बग़ीचों के ज़रिए कुपोषण से निपटने में मदद मिल रही है और सन्तुलित आहार के लिए आवश्यक ताज़ी सब्ज़ियाँ उपलब्ध हो रही हैं. विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) और राजस्थान सरकार की एक साझा पहल से छात्र स्वयं बागवानी करते हुए, पौधों की देखरेख और स्वस्थ खाने का महत्व सीखते हैं. (वीडियो)
ये बाग़, रक्त की कमी (anemia) और माइक्रो-पोषक तत्वों की कमियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार द्वारा संचालित ‘मिड-डे मील’ योजना को मज़बूती देते हैं. यह विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं, जहाँ विविध खाद्य स्रोतों तक पहुँच सीमित होती है. इस व्यावहारिक ज्ञान से उन्हें न केवल कृषि एवं पोषण की आदत पड़ती है बल्कि प्रकृति के साथ जुड़कर पर्यावरणीय ज़िम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है.
स्कूलों के ये बग़ीचे, जैविक खेती के तरीक़ों को बढ़ावा देते हैं और परिवारों को अपने घर में ही सब्ज़ियाँ उगाने के लिए भी प्रेरित करते हैं. इससे स्थानीय कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलता है, जिससे गाँवों को भोजन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल सकती है.2020 में, खाद्य सुरक्षा एवं पोषण में सुधार के मक़सद से, WFP और राजस्थान सरकार के बीच एक साझेदारी हुई, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों जैसे कमज़ोर वर्गों पर ध्यान केन्द्रित किया गया.इस साझेदारी के तहत भारत में WFP द्वारा, स्थानीय समुदायों और स्कूलों को महत्वपूर्ण तकनीकी सहायता और प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, और सब्ज़ी उद्यानों की स्थापना एवं रखरखाव में उनका मार्गदर्शन भी.