-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एक और साल भी, अकाल सहित खाद्य असुरक्षा में फिर वृद्धि

Source: UN News: मंगलवार, 20 मई 2025 00:00 AM (IST)
एक और साल भी, अकाल सहित खाद्य असुरक्षा में फिर वृद्धि
जुलाई 2024 में, सूडान के ज़मज़म शरणार्थी शिविर में अकाल पाया गया. उसके अगले महीनों के दौरान, सरकारी चेतावनी का दायरा दारफ़ूर और पश्चिमी नुबा पहाड़ों के अन्य शिविरों तक फैल गया. दिसम्बर (2024) से अब तक, इस युद्धग्रस्त देश के पाँच अन्य क्षेत्रों में अकाल की पुष्टि हुई है. 17 अन्य क्षेत्र भी अकाल के जोखिम का सामना कर रहे हैं. 2017 के बाद से ऐसा पहली बार है कि पृथ्वी पर किसी भी स्थान पर, अकाल की घोषणा की गई है.संयुक्त राष्ट्र के अनुमानों के अनुसार, सूडान में प्रतिद्वन्द्वी सेनाओं के बीच युद्ध छिड़ने के बाद से, 20 महीनों के दौरान, 1.3 करोड़ सूडानीलोग जबरन विस्थापित हुए हैं और 3 करोड़ 4 लाख से अधिक लोगों को मानवीय सहायता की सख़्त ज़रूरत है.ज़मज़म शिविर के निवासी, दारफ़ूर क्षेत्र के अन्य लोगों की तरह, एक बार फिर विस्थापित हो गए हैं क्योंकि देश के हर कोने में अत्यधिक हिंसा फैली हुई है.संक्षेप में कहें तो, सूडान जल्दी ही इतिहास के सबसे गम्भीर खाद्य असुरक्षा संकटों में से एक बन गया है.भूख का ‘दाग़’मगर सूडान एकमात्र ऐसा स्थान नहीं है जिसे संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने भूख का “निशान” कहा है.खाद्य संकट पर 2025 की वैश्विक रिपोर्ट में चुने गए 53 देशों और क्षेत्रों में साढ़े 29 करोड़ से अधिक लोगों को तीव्र स्तर की खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ा है.‘मानवता की विफलता’रिपोर्ट में ऐसे 36 देशों और क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहाँ लम्बे समय से खाद्य संकट जारी है, और जहाँ 80 प्रतिशत निवासी 2016 से हर साल उच्च स्तर की खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं.इसके अलावा, आईपीसी मानकों के अनुसार, खाद्य असुरक्षा के भयावह स्तर का सामना करने वाले लोगों की संख्या 2023 और 2024 के बीच दोगुनी हो गई है.रिपोर्ट ने निष्कर्ष निकाला है, “एक ही तरह के हालात में, कई वर्षों तक बार-बार होने वाली आपात स्थितियों के बाद, यह स्पष्ट है कि सामान्य उपायों का कोई असर नहीं हो रहा है.”इस वार्षिक रिपोर्ट में पहली बार, पोषण पर डेटा भी शामिल किया गया, जिसमें अनुमान लगाया गया है कि 26 देशों में 6 से 59 महीने की आयु के 3.77 करोड़ बच्चे गम्भीर कुपोषण का सामना कर रहे हैं.इस तरह के आँकड़े अचानक नहीं आ जाते हैं, न ही ये शून्य में उभरते हैं. बल्कि, रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया भर में खाद्य असुरक्षा का यह स्तर कई, परस्पर जुड़े कारकों का परिणाम है.रिपोर्ट में कहा गया है, "कोई भी क्षेत्र इससे अछूता नहीं है, संकट एक दूसरे पर हावी हो रहे हैं और एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, जिससे दशकों के विकास के लाभ ख़त्म हो रहे हैं और लोग इससे उबर नहीं पा रहे हैं." व्यवस्था विफलता से कहीं अधिक बड़ा मुद्दा2024 में खाद्य असुरक्षा में वृद्धि के लिए, टकरावों व युद्धों में वृद्धि एक मुख्य कारण थी, ख़ासतौर पर कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC), हेती, सूडान, दक्षिण सूडान, म्याँमार और फ़लस्तीन के ग़ाज़ा पट्टी में.ग़ाज़ा में सबसे ज़्यादा आबादी खाद्य असुरक्षा का सामना कर रही है, जहाँ 2024 में इसके 100 प्रतिशत आबादी को खाद्यान्न की भारी कमी का सामना करना पड़ा है. मार्च 2025 से सहायता सामग्री के ग़ाज़ा में प्रवेश पर लगी निरन्तर इसराइली पाबन्दी ने इस खाद्य असुरक्षा को और बढ़ा दिया है.रिपोर्ट में खाद्यान्न की कमी में जलवायु परिवर्तन की भूमिका को भी रेखांकित किया गया है, जिसमें विशेष रूप से मौसम के बदलते रुझान की ओर इशारा किया गया है, जिसने कृषि को प्रभावित किया है.उदाहरण के लिए, 2024 में कम बारिश होने के कारण सूडान में खाद्यान्न की स्थिति और भी ख़राब हो गई, जबकि दक्षिणी अफ़्रीका के नामीबिया जैसे अन्य क्षेत्रों में बाढ़ के कारण फसलें बर्बाद हो गईं.युद्ध, जलवायु, आर्थिक झटकेमुद्रास्फीति और अनुमानित व्यापार युद्धों सहित आर्थिक झटकों ने भी खाद्य असुरक्षा संकट को बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है, ख़ासतौर से, सीरिया जैसे स्थानों पर जहाँ लम्बे समय से चली आ रही व्यवस्थागत अस्थिरता ने आर्थिक झटकों के प्रति कमज़ोरी को बढ़ा दिया.हालाँकि यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि इस स्तर पर खाद्य असुरक्षा को केवल एक कारण से नहीं समझाया जा सकता.उन्होंने कहा, "यह प्रणालियों की विफलता से कहीं अधिक की बात है - यह मानवता की विफलता है."

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement