-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई में विराम पर सहमति का स्वागत

Source: UN News: बुधवार, 14 मई 2025 00:01 AM (IST)
भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई में विराम पर सहमति का स्वागत
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम लागू करने पर हुई सहमति का स्वागत किया है और इसे मौजूदा तनातनी में कमी लाने की दिशा में एक सकारात्मक क़दम बताया है. यूएन प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने शनिवार को महासचिव की ओर से एक वक्तव्य जारी किया है, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस समझौते से स्थाई शान्ति हासिल करने में योगदान मिलेगा.ग़ौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे और अनेक अन्य घायल हुए थे. इस घटना के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया है. यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने हाल ही में, भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा (LoC) और अन्तरराष्ट्रीय सीमा के पार, भारतीय सैन्य अभियानों पर गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए दोनों देशों से अधिकतम सैन्य संयम बरतने की अपील की थी.महासचिव गुटेरेश ने शनिवार को जारी अपने वक्तव्य में दोनों देशों के बीच हुई इस सहमति को, मौजूदा तनाव में कमी लाने की दिशा में एक सकारात्मक क़दम क़रार दिया है.उन्होंने आशा व्यक्त की है कि इससे एक ऐसा अनुकूल माहौल तैयार होने की सम्भावना है, जिससे दोनों देशों के बीच लम्बित मुद्दों को सुलझाया जा सकेगा.शनिवार को जारी वक्तव्य में यह भी कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र, क्षेत्र में शान्ति व स्थिरता को बढ़ावा देने पर केन्द्रित प्रयासों को समर्थन देने के लिए हर समय तैयार है.इससे पहले, यूएन प्रमुख ने पहलगाम हमले के लिए ज़िम्मेदारों को विश्वसनीय, और क़ानूनी उपायों के ज़रिए, न्याय के कटघरे में लाए जाने का आग्रह किया था. उन्होंने कहा था कि क्षेत्र और विश्व, भारत व पाकिस्तान के बीच टकराव मोल नहीं ले सकते, जो ना केवल उन देशों के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए त्रासदीपूर्ण होगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement