अमेरिका से आप्रवासियों की स्वैच्छिक मूल देशों को वापसी में IOM की मदद
Source: UN News: बुधवार, 14 मई 2025 00:00 AM (IST)
संयुक्त राज्य अमेरिका ने अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) से उन आप्रवासी लोगों की सहायता करने का अनुरोध किया है जो स्वेच्छा से अपने देश वापस लौटना चाहते हैं. संयुक्त राष्ट्र एजेंसी - IOM ने सोमवार को स्पष्ट किया है कि वह निर्वासन नहीं, बल्कि स्वैच्छिक वापसी सहायता (AVR) प्रदान कर रही है यानि यह सेवा केवल उन लोगों के लिए है जो स्वयं अमेरिका छोड़कर, अपने देश को वापिस लौटने का फ़ैसला लेंगे.
IOM ने कहा है कि यह संगठन, अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर उन लोगों की मदद कर रहा है जो अपनी इच्छा से अपने मूल देश लौटने के लिए पंजीकरण करवा रहे हैं.एजेंसी ने कहा है, "AVR एक स्थापित और अधिकार-आधारित प्रक्रिया है, जो प्रवासियों को जटिल वैश्विक प्रवासन प्रणाली को समझने, अपने जीवन पर फिर से नियंत्रण पाने और सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद करती है."सुरक्षित और सम्मानजनक वापसीIOM ने कहा है, “हमारी भूमिका यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग अपने बलबूते वापिस लौटने में सक्षम नहीं हैं, वे सुरक्षित, सम्मानजनक और सूचित तरीक़े से अपने देशों को वापिस लौट सकें.”एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका, प्रवासन से जुड़ी नीतियाँ स्वयं तय करता है, और “IOM जबरन निर्वासन की कोई प्रक्रिया नहीं चलाता और न ही उसे लागू करता है. हमारी भूमिका तब शुरू होती है जब कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से और पूर्ण जानकारी प्राप्त करने के बाद सहायता लेने को तैयार होते हैं.”इन मामलों में, “IOM यह सुनिश्चित करता है कि लोगों को सही जानकारी और आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ, वह भी अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार.”प्रथम स्वैच्छिक निर्वासन कार्यक्रमयह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब अमेरिका अपने यहाँ अवैध आप्रवासियों को निर्वासित करने यानि उनके मूल देशों को वापिस भेजने की अपनी नीति को और अधिक व्यापक बनाने की कोशिश कर रहा है. यह वही नीति है जिसकी शुरुआत राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने क़रीब 10 साल पहले अपने प्रथम कार्यकाल में की थी.राष्ट्रपति ट्रम्प ने जनवरी (2025) में दोबारा सत्ता में लौटने के बाद, अवैध प्रवासियों के ख़िलाफ़ छापेमारी, हिरासत और निर्वासन जैसी कार्रवाइयों को तेज़ कर दिया है.राष्ट्रपति ट्रम्प ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा किए एक वीडियो में कहा कि उन्होंने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत "अवैध प्रवासियों के लिए अमेरिका का पहला स्वैच्छिक निर्वासन कार्यक्रम" शुरू किया जा रहा है. इस योजना में मुफ़्त हवाई यात्रा और एक “विदाई बोनस” (exit bonus) की पेशकश भी की जाएगी.
IOM/Amanda Nero
मानवीय व व्यवस्थित प्रवासन को बढ़ावाअन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन - IOM की स्थापना 1951 में हुई थी और यह मानवीय और व्यवस्थित प्रवासन को बढ़ावा देने का कार्य करता है.यूएन प्रवासन एजेंसी ने बताया कि वह पिछले कई दशकों से 100 से अधिक देशों में स्वैच्छिक वापसी सहायता कार्यक्रम (AVR) चला रही है ताकि ऐसे लोगों की मदद की जा सके जिनके पास न संसाधन हैं, न क़ानूनी विकल्प, और न ही कोई सहारा, ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक रूप से अपने देश लौट सकें.IOM ने यह भी कहा कि अमेरिका में बहुत से आप्रवासियों को जटिल प्रणालियों और सीमित विकल्पों व संसाधनों के बीच जूझना पड़ता है. इस पहल के ज़रिए उन लोगों की मदद की जाती है जो अपने मूल देशों को वापिस लौटने का निर्णय लेते हैं, ताकि वे सोच-समझकर, स्पष्टता और देखभाल के साथ अपने जीवन को एक नई दिशा दे सकें.