-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत-पाकिस्तान तनाव पर चिन्ता, संयम बरतने व सैन्य टकराव से बचने की अपील

Source: UN News: मंगलवार, 06 मई 2025 00:00 AM (IST)
भारत-पाकिस्तान तनाव पर चिन्ता, संयम बरतने व सैन्य टकराव से बचने की अपील
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद, भारत और पाकिस्तान के बीच सम्बन्धों में आए तनाव पर गहरी चिन्ता जताई है और दोनों देशों से अपील की है कि उन्हें इस कगार से अपने क़दम वापिस खींचने होंगे. यूएन प्रमुख ने कहा कि पहलगाम हमले के लिए ज़िम्मेदारों को विश्वसनीय, और क़ानूनी उपायों के ज़रिए, न्याय के कटघरे में लाया जाए. उन्होंने साथ ही, दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयासों को, अपने कार्यालय का समर्थन भी दोहराया है. यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने सोमवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए आगाह किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव, पिछले कई वर्षों के अपने उच्चतम स्तर पर पहुँच गया है.उन्होंने दुख जताया कि भारत और पाकिस्तान के सम्बन्धों में आए इस उबाल को देखना बहुत पीड़ादाई है. Tweet URL “मैं पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भयावह आतंकी हमले के बाद उमड़ी दर्दनाक भावनाओं को समझता हूँ. मैं फिर से इस हमले की कठोर निन्दा करता हूँ और पीड़ितों के परिवारजन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ.”महासचिव गुटेरेश ने ज़ोर देकर कहा कि आम नागरिकों को निशाना बनाया जाना अस्वीकार्य है और इस हमले के दोषियों को विश्वसनीय व क़ानूनी उपायों के ज़रिये न्याय के कटघरे में लाना होगा.“साथ ही, यह बेहद ज़रूरी भी है, विशेष रूप से इस अहम समय में, एक सैन्य टकराव से बचने के लिए जोकि आसानी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है.”महासचिव ने कहा कि वह दोनों देशों की सरकार और आम लोगों का गहरा सम्मान करते हैं, और शान्तिरक्षा समेत संयुक्त राष्ट्र के कामकाज में उनके ठोस योगदान के प्रति आभारी हैं.कगार से लौटना होगायूएन प्रमुख ने कहा कि यह समय अधिकतम संयम बरतने और कगार से अपने क़दम वापिस खींचने का है. उन्होंने ध्यान दिलाया कि यही सन्देश दोनों देशों के साथ हुए सम्पर्क के दौरान साझा किया गया है.“समझने में कोई ग़लती मत कीजिए: एक सैन्य समाधान, कोई समाधान नहीं है.”यूएन प्रमुख ने शान्ति के उद्देश्य से दोनों देशों की सरकारों को अपने कार्यालय की सेवाएँ प्रदान करने का प्रस्ताव दिया है.उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र हर उस पहल का स्वागत करने के लिए तैयार है, जिससे टकराव में कमी आए, और कूटनीति व शान्ति के लिए नए सिरे से संकल्प को बढ़ावा मिले.इससे पहले, यूएन प्रमुख ने कुछ दिन पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ टैलीफ़ोन-बातचीत की थी, और दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयासों को समर्थन देने की पेशकश की थी.ग़ौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल - पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में, 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए थे. 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद ने अपने एक प्रैस वक्तव्य में इस हमले की कड़ी निन्दा की थी और इस निन्दनीय आतंकी कृत्य के दोषियों, इसे अंजाम देने वालों और उनकी वित्तीय मदद करने वालों को न्याय के कटघरे में लाने की आवश्यकता पर बल दिया था.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement