वैश्विक स्वास्थ्य धनराशि में कटौतियाँ, 'मौजूदा इनसानी याद' में सर्वाधिक विध्वंसक
Source: UN News: शनिवार, 03 मई 2025 00:00 AM (IST)
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि बजट में अचानक कटौतियाँ, वैश्विक स्वास्थ्य के लिए धनराशि की उपलब्धता गम्भीर रूप से प्रभावित कर रही हैं, दुनिया भर में लम्बे समय से चल रहे टकरावों और युद्धों से बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है, और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गम्भीर ख़तरा उत्पन्न हो रहा है.
WHO के मुखिया डॉक्टर टैड्रॉस ने गुरूवार को कहा, "हम वैश्विक स्वास्थ्य के लिए धनराशि की उपलब्धता में अब तक के सबसे बड़े व्यवधान से गुजर रहे हैं."उन्होंने आगाह किया कि अचानक से वित्तीय सहायता वापिस लेने से, उस चिकित्सा प्रगति को ख़तरा हो रहा है जो कड़ी मेहनत से हासिल की गई है. इसमें उष्णकटिबन्धीय रोगों से निपटने के प्रयास में व्यवधान भी शामिल हैं, जो अब कुछ क्षेत्रों में फिर से अपना सिर उठा रहे हैं.उन्होंने जिनीवा में WHO मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "यह विशालकाय हिम पर्वत का केवल एक छोटा सा बिन्दु है."सघन हो रहा है प्रकोपउन्होंने बताया कि अंगोला जनवरी से, ऐसे हैज़ा प्रकोप का सामना कर रहा है जो पिछले 20 वर्षों में सबसे भीषण है. इसमें अब तक 17 हज़ार से अधिक मामले और 550 से अधिक लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं.सुरक्षित पानी, स्वच्छता और सफ़ाई तक अपर्याप्त पहुँच, इस प्रकोप को बढ़ा रही है.डॉक्टर टैड्रॉस ने कहा कि WHO और साझीदार संगठन, बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चला रहे हैं, और उनकी प्राथमिकताओं में से एक - मृत्यु दर को कम करना है.उपेक्षित उष्णकटिबन्धीय बीमारियों से निपटने में बढ़त, धन उपलब्धता में कटौती के बीच, सबसे ग़रीब और सबसे हाशिए पर रहने वाले समुदायों को असंगत रूप से प्रभावित कर रही है. इन बीमारियों से एक अरब से अधिक लोग प्रभावित हैं.सीमित हो रही है पहुँचडॉक्टर टैड्रॉस ने आगे कहा कि कई देशों में जहाँ असुरक्षा व्याप्त है और अस्पतालों को निशाना बनाया जा रहा है, वहाँ स्वास्थ्य सेवा तक लोगों की पहुँच में गम्भीर कमी आई है.22 अप्रैल को, हेती के सबसे बड़े सार्वजनिक अस्पतालों में से एक - Hôpital Universitaire de Mirebalais को हिंसा के कारण बन्द करना पड़ा.उन्होंने कहा कि राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस में, 40 प्रतिशत से अधिक स्वास्थ्य सुविधाएँ बन्द हैं.बेवजह मौतेंडॉक्टर टैड्रॉस ने, इसराइल द्वारा ग़ाज़ा की नाकाबन्दी का ज़िक्र करते हिए कहा कि वहाँ की स्थिति "भयावह रूप से ख़राब" है, हिंसा के कारण "स्वास्थ्य प्रणाली में हताहत लोगों की बाढ़ आ गई है जबकि ये स्वास्थ्य प्रणाली पहले से ही अपने घुटनों पर आ चुकी है."उन्होंने कहा कि एक तरफ़ तो आवश्यक दवाएँ, और आघात व चिकित्सा सामग्री समाप्त हो रही है, मगर "लोग रोकथाम योग्य बीमारियों से मर रहे हैं जबकि दवाएँ सीमा पर इन्तेज़ार कर रही हैं."डॉक्टर टैड्रॉस ने, युद्धविराम के लिए संयुक्त राष्ट्र की पुकार को दोहराते हुए कहा कि "शान्ति सबसे अच्छी औषधि है."