-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ग़ाज़ा: युद्ध की विभीषिका में भी, प्यासे लोगों तक जल पहुँचाने का संकल्प

Source: UN News: बुधवार, 16 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
ग़ाज़ा: युद्ध की विभीषिका में भी, प्यासे लोगों तक जल पहुँचाने का संकल्प
ग़ाज़ा में युद्ध से हुई बर्बादी, निरन्तर बमबारी और पेयजल की गम्भीर क़िल्लत के बीच, इब्राहिम आलोश, हर दिन प्यासे लोगों के लिए पानी पहुँचाने में जुटे हैं. हर रोज़ वो ग़ाज़ा पट्टी में खाली टैंक और बर्तनों को भरने के लिए अपना ट्रक लेकर जाते हैं. ऐसे ही एक दिन, यूएन न्यूज़ के पत्रकार, इब्राहिम आलोश से जल शोधन संयंत्र (desalination plant) में मिले, जहाँ उन्हें जबालिया के निवासियों तक पानी पहुँचाने के लिए आए थे. उन्हें पहले यहाँ से पानी भरने के लिए घंटों इन्तज़ार करना पड़ता है.ग़ाज़ा के अन्य स्थानों की ही तरह, यह संयंत्र भी भीड़ से भरा था. इब्राहिम आलोश ने बताया कि ग़ाज़ा में ईंधन ख़त्म होता जा रहा है और संयंत्र चलाने के लिए ही हर घंटे लगभग 35-40 लीटर डीज़ल की ज़रूरत पड़ती है.घंटों का इन्तज़ारइब्राहिम आलोश को संयंत्र पर बहुत धैर्य रखना पड़ता है: “हम विलवणीकरण संयंत्र पर आकर, पानी भरने के लिए लगभग 5 घंटे इन्तज़ार करते हैं. उत्पादन लागत के कारण जल की क़ीमतें बहुत बढ़ गई हैं."अगर मानवतावादी संगठनों द्वारा जल मुहैया न कराया जाए, तो ग़ाज़ा के लोग पानी ख़रीदने का ख़र्च वहन नहीं कर सकते हैं.“एक क्यूबिक मीटर पानी की क़ीमत इतनी अधिक इसलिए है, क्योंकि जेनेरेटर चलाने के लिए ज़रूरी डीज़ल बहुत महंगा हो गया है. एक क्यूबिक मीटर जल, 90-100 शेकेल का मिल रहा है, यानि लगभग 20 जॉर्डिनियन दीनार के बराबर.” UN News अपना काम पूरा करने के बाद इब्राहिम आलोश, अपने पुराने से ट्रक का इंजन स्टार्ट करते हैं, और जबालिया के ध्वस्त इलाक़ों के चुनौतीपूर्ण सफ़र पर निकल पड़ते हैं.इब्राहिम आलोश का यह संघर्ष जल संयंत्र पर ही ख़त्म नहीं हो जाता. ग़ाज़ा में मलबे से घिरी, तबाह हो चुकी सड़कों पर ट्रक चलाना कोई आसान काम नहीं है. लेकिन इब्राहिम को पानी के इन्तज़ार में खड़े लोगों तक हर हाल में पहुँचना है.हमेशा लोग उनके इन्तज़ार में खड़े मिलते हैं. कुछ इलाक़ों में तो ट्रकों का पहुँचना लगभग नामुमक़िन है. अगर इब्राहिम आलोश न होते तो शायद ये इलाक़े जल आपूर्ति से बिल्कुल वंचित रह जाते.जल बिना जीवन नहींग़ाज़ा पट्टी के निवासी, अयमान कमाल कहते हैं, “हम गम्भीर जल संकट से जूझ रहे हैं.” जहाँ कुछ लोग आधा दिन के इन्तज़ार के बाद 5-10 गैलन पानी भरने में सफल हो जाते हैं, अन्य को क़तार में पीछे खड़े रहने के कारण पानी नसीब नहीं होता.पानी भरते हुए एक अन्य ग़ाज़ा निवासी, फाथी इल-कहलूत बताते हैं, “पानी के बिना जीवन सम्भव नहीं है...हम दूर से आने वाले इस पेयजल का इन्तज़ार करते हैं और अपने हिस्से का पानी लेने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है.”समीर बद्र बताते हैं कि उनके बच्चों को कई-कई दिनों तक पानी के लिए यहाँ चक्कर लगाने पड़ते हैं. “हमें बहुत सी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. हम चाहते हैं कि दुनिया हमारी ओर एक बार उस निग़ाह से देखे, जैसे वो अन्य देशों को देखती है." "अन्य देशों में सभी लोग आराम से जीते हैं. हम ही इस तरह के अभिशाप में जीने के लिए क्यों मजबूर हैं?” UN News गहराता जल संकटग़ाज़ा में सीमा चौकियों के बन्द होने से ईंधन के प्रवेश पर रोक लग गई है, जिससे जल शोधन संयंत्र पंगु होते जा रहे हैं. पेयजल की कई प्रमुख पाइपलाइन बन्द होने से भी ग़ाज़ा की आबादी के लिए उपलब्ध पानी की मात्रा में बहुत कमी आई है. संयुक्त राष्ट्र बाल कोष, UNICEF ने आगाह किया है कि जल संकट दिनोंदिन बदतर हो रहा है. युद्धविराम समझौता टूटने से, महत्वपूर्ण कुँओं और पेयजल केन्द्रों की मरम्मत का काम भी बन्द हो गया है, जिससे कई जल स्रोत या तो बन्द हो गए हैं या उन्हें और अधिक क्षति होने की आशंका बनी हुई है. यूनीसेफ़ के मुताबिक़, वर्तमान में चार लाख बच्चों समेत लगभग 10 लाख लोगों को, हर रोज़ छह लीटर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जो पहले दिए जा रहे 16 लीटर के मुक़ाबले बहुत ही कम है.यूनीसेफ़ ने चेतावनी दी है कि अगर ईंधन ख़त्म हो जाता है तो आगामी हफ़्तों में इस मात्रा को घटाकर, प्रतिदिन 4 लीटर से भी कम करना होगा. इससे परिवार जल के लिए असुरक्षित स्रोतों का रुख़ करने के लिए मजबूर हो सकते हैं, जिससे ख़ासतौर पर बच्चों के बीच बीमारियाँ फैलने का ख़तरा बढ़ेगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement