दौसा। सेंट्रल एकेडमी स्कूल के कैशियर शुभम की हत्या का राज पुलिस ने महज चंद घंटों में खोल दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में स्कूल में दिन के समय चौकीदारी करने वाले चौकीदार राहुल कंडेरा व उसके दो साथी फिरोज व सुनील खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक कैशियर दिन में स्कूल स्टाफ की सैलेरी के लिए एक लाख 22 हजार रुपए बैंक से निकलवा कर लाया था। आरोपी इस नकदी को लूटने के इरादे से गए थे, लेकिन कैशियर पहले ही यह राशि बांट चुका था। लिहाजा वारदात के बाद आरोपियों को मजह 3 हजार रुपए ही हाथ लगे। हत्या का राज खोलने में एक बालिका ने पुलिस को अहम सुराग दिया। बालिका उस समय ट्यूशन के लिए घटनास्थल पर ही मौजूद थी। इसी बीच फिरोज रैकी के लिए आया था। इस पर बालिका की नजर पड़ गई थी। उसी आधार पर पुलिस ने सारा राज खोल दिया। आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लैपटाप, मृतक का मोबाइल, धारदार हथियार व तीन हजार रुपए बरामद कर लिए हैं।