नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर से शनिवार को कहा कि वे राज्य के लोगों को धोखा देने के लिए माफी मांगें और ‘विधायकों की खरीदारी’ के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दें जिन्होंने तटीय राज्य में सरकार गठित करने में उनकी मदद की। उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘श्री पर्रिकर, सत्ता की भूख के लिए आपको शर्म आनी चाहिए। आपने गोवा के लोगों के साथ धोखा किया है, उनसे माफी मांगिए।’ सिंह ने कहा कि पर्रिकर को ‘आक्रामक तरीके से विधायकों को खरीदने‘ के लिए नितिन गडकरी का शुक्रिया अदा करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘मनोहर पर्रिकर ने गोवा में उन्हें सरकार गठित करने देने के लिए मेरा धन्यवाद किया। यदि उन्हें किसी को धन्यवाद देना है तो वह नितिन गडकरी हैं जिन्होंने गोवा के एक होटल से 12 मार्च की सुबह आक्रामक तरीके से विधायकों को खरीदा।’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘और संविधान, सरकारिया आयोग के दिशा निर्देश एवं सुप्रीम कोर्ट का उल्लंघन करने और गोवा के जनादेश को छीनने वाली गोवा की राज्यपाल को धन्यवाद देना चाहिए।’