भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल में एक तहसील कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कर्मचारी एक प्लॉट के नामांतरण के लिए 10 हजार रूपए की रिश्वत मांग रहा था। मामला भोपाल की गोविंदपुरा तहसील का है। आरोपी का नाम रवि शुक्ला है और वह गोविंदपुरा तहसील में स्क्वाडमैन के पद पर कार्यरत है।
रवि को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकडा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश शर्मा नाम के व्यक्ति का शिवनगर के भोपाल मेमोरियल के सामने एक प्लॉट है। महेश शर्मा इस प्लॉट का नामांतरण करवाना चाहता था। इसकी एवज में आरोपी रवि ने उससे 10,000 रूपए की मांग की। महेश की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को रिश्वत के रूपयों के साथ गिरफ्तार कर लिया। महेश शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई पुराने आरटीओ दफ्तर में की गई।