Advertisement
परिसीमन का समर्थन करने वाले जनादेश के साथ भारी विश्वासघात करेंगे: सीजेपी

सीजेपी के अनुसार, प्रस्तावित विधेयक का समर्थन करने वाले लोग इस परिसीमन विधेयक के नतीजों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। वे इस प्रक्रिया के सबसे नुकसानदेह हिस्से से लोगों का ध्यान भटका रहे हैं, यानी सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाने के लिए संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं को मनमाने ढंग से फिर से तय करना, जिसे 'जेरीमेंडरिंग' कहा जाता है।
प्रस्तावित विधेयक को लेकर अपनी चिंता जताते हुए सीजेपी का मानना है कि मतदान केंद्रों के नतीजों, मतदाता सूचियों और पुराने मतदान पैटर्न तक पहुंच होने के कारण ऐसी चुनावी सीमाएं तय करना संभव है, जिससे एक राजनीतिक दल को दूसरे दल के मुकाबले व्यवस्थित रूप से फायदा मिल सके।
संगठन ने कहा कि कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को केंद्रित करके और अन्य क्षेत्रों में उन्हें बांटकर, कुल डाले गए वोटों की संख्या में कोई बदलाव किए बिना भी राजनीतिक नतीजों को प्रभावित किया जा सकता है।
सीजेपी ने गहरी चिंता जताई है कि पर्याप्त सुरक्षा उपायों और स्वतंत्र जांच के बिना, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को फिर से तय करने का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी को स्थायी चुनावी फायदा पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि इस तरह के नतीजों के परिणाम अगले आम चुनाव से कहीं आगे तक जा सकते हैं।
अभिजीत दिपके के नेतृत्व वाले इस संगठन ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दशकों तक राजनीतिक प्रतिनिधित्व को तय कर सकती हैं। अगर इन सीमाओं को मौजूदा सरकार के पक्ष में तैयार किया जाता है, तो नागरिकों को लग सकता है कि जनमत में आए बदलाव अब संसद की संरचना में निष्पक्ष रूप से नहीं दिख रहे हैं।
मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए सीजेपी ने कहा कि एक ऐसा परिसीमन आयोग, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार शामिल हैं, जिन पर पहले ही जनता का भरोसा कम हो चुका है। वह इस प्रक्रिया में किसी का भी विश्वास नहीं जगा पाएगा।
डीएमके और एनसीपी (एसपी) के रुख में आए बदलाव का जिक्र करते हुए, सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने चेतावनी दी कि कुछ पार्टियां बिल के समर्थन में अपने पाला बदलने का बचाव करते हुए कह रही हैं कि इससे पूरे देश में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि वे किस तरह की 'जेरीमेंडरिंग' का समर्थन कर रहे हैं। उदाहरण के लिए असम की चुनावी सीमाओं को ही देख लीजिए।
इसी तरह, सह-संयोजक सौरव दास ने विपक्षी दलों की जिम्मेदारी और उनके फैसलों के दूरगामी परिणामों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल ऐसा कोई कदम उठाते हैं जिससे भाजपा और हमारे लोकतंत्र के लिए उसके खतरनाक मंसूबों को फायदा पहुंचता है, तो यह जनता के साथ एक बड़ा धोखा होगा। उनकी इस अनैतिक और सिद्धांतहीन राजनीति की कीमत युवाओं को चुकानी पड़ेगी।
कई विपक्षी दलों के इस आरोप को दोहराते हुए कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को लागू करने की कोशिश कर रही है। सीजेपी ने कहा कि वह महिला आरक्षण का पूरा समर्थन करती है, जैसा कि हर नागरिक और पार्टी को करना चाहिए।
संगठन ने कहा कि महिला आरक्षण संसद से पास हो चुका है लेकिन अभी तक लागू नहीं हुआ है। इसका इस्तेमाल चुनावी सीमाओं में हेरफेर करने के लिए एक ढाल के रूप में करना, असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की एक चाल है और वह असली मुद्दा है भारत के चुनावी क्षेत्रों की पक्षपातपूर्ण तरीके से फिर से सीमा तय करना।
'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) ने चेतावनी दी कि अगर राजनीतिक दल संविधान के बजाय सिद्धांतहीन राजनीति को चुनते हैं, तो भारत के युवा, जिन्हें आने वाली कई पीढ़ियों तक इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है, इसे चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बयान में कहा गया कि सीजेपी सभी दलों से अपील करती है कि वे भारत के चुनावी नक्शे में की जा रही हेरफेर के खिलाफ एकजुट हों और संसद में परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) का विरोध करें। भारत की जनता के साथ खड़े हों और इस देश के लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा दिखाएं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


