Serial Killer Monu Kumar Gets Life Imprisonment for Third Rape and Murder Case-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 3:46 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीरियल किलर मोनू कुमार को तीसरे रेप और हत्याकांड में उम्रकैद

khaskhabar.com: मंगलवार, 15 सितम्बर 2026 7:21 PM (IST)
सीरियल किलर मोनू कुमार को तीसरे रेप और हत्याकांड में उम्रकैद
60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर की थी हत्या; चंडीगढ़। जिला अदालत ने 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में सीरियल किलर मोनू कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस मामले में अदालत ने उसे पहले ही दोषी करार दिया था। मोनू के खिलाफ दर्ज हत्या और दुष्कर्म के मामलों में यह तीसरा मामला है, जिसमें उसे दोषी ठहराकर उम्रकैद की सजा हुई है। पुलिस जांच के दौरान सामने आया था कि उसने तीन महिलाओं की हत्या की थी। यह मामला फरवरी 2024 का है। मलोया क्षेत्र में 60 वर्षीय महिला सुनसान रास्ते से जा रही थी। इसी दौरान मोनू ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह महिला का मोबाइल फोन भी ले गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो हत्या में शामिल व्यक्ति का पता लगाने के लिए बड़ी संख्या में संदिग्धों के नमूने लिए गए।
पुराने नमूने से हुआ मोनू का डीएनए मिलान
जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक संदिग्धों के डीएनए नमूने लिए। इसी प्रक्रिया में मोनू कुमार का डीएनए वर्ष 2010 में एक युवती के शव से सुरक्षित किए गए नमूने से मिल गया। इस मिलान ने करीब 15 साल पुराने दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच को नई दिशा दी और पुलिस मोनू तक पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक मोनू डड्डूमाजरा के पास शाहपुर कॉलोनी में रहता था। वह अपनी पहचान छिपाकर रहने की कोशिश करता था। उसने आधार कार्ड और बैंक खाता तक नहीं बनवाया था। वह अंतरशहरी टैक्सी चलाता था और समय-समय पर अपना ठिकाना बदल लेता था। मई 2024 में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके खिलाफ कई पुराने मामलों के सुराग मिले।
2010 में एमबीए छात्रा की हत्या का मामला खुला
मोनू के खिलाफ वर्ष 2010 में सेक्टर-38 क्षेत्र में 21 वर्षीय एमबीए छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया था। युवती का शव सेक्टर-38 के पास मिला था और उसके सिर पर पत्थरों से वार किए गए थे। लंबे समय तक पुलिस हत्यारे की पहचान नहीं कर सकी। बाद में अदालत में मामले की अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल की गई, लेकिन जांच से जुड़े महत्वपूर्ण नमूने सुरक्षित रखे गए थे।
यही नमूने बाद में मोनू तक पहुंचने में अहम साबित हुए। डीएनए मिलान के बाद पुलिस ने पुराने मामले को दोबारा आगे बढ़ाया। इस मामले में जिला अदालत ने 28 नवंबर 2025 को मोनू को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
2022 में ऑटो चालक की पत्नी की हत्या का भी खुलासा
पुलिस पूछताछ में मोनू ने वर्ष 2022 में मलोया में ऑटो चालक की 40 वर्षीय पत्नी की हत्या करने की बात भी कबूल की थी। पुलिस के अनुसार महिला 11 जनवरी 2022 की रात बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसका शव घर से कुछ दूरी पर मिला था।
जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में भी मोनू की भूमिका सामने आई। अदालत ने अगस्त 2026 में दुष्कर्म और हत्या के इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था।
हिमाचल में भी हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था
मोनू का आपराधिक इतिहास इससे भी पुराना है। वर्ष 2008 में करीब 20 साल की उम्र में हिमाचल प्रदेश के चंबा क्षेत्र में एक युवती की हत्या के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार युवती का अपहरण करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया था और बाद में उसके सिर पर नुकीली वस्तु और पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी गई थी।
खैरी थाने में इस संबंध में हत्या और अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। बाद में चिकित्सकीय जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर संबंधित धारा भी जोड़ी गई। हालांकि, पर्याप्त पुख्ता सबूत नहीं मिलने के कारण करीब 18 महीने चले मुकदमे के बाद मोनू को इस मामले में बरी कर दिया गया था।
चोरी और लूट के भी कई मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोनू के खिलाफ चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में हत्या, अपहरण, चोरी, चोरी का सामान रखने और लूट के प्रयास समेत कई मामले दर्ज रहे हैं। इनमें वर्ष 2008 का खैरी थाना मामला, सेक्टर-11, सेक्टर-39, औद्योगिक क्षेत्र और मलोया थाने के मामले शामिल हैं।
तीन महिलाओं की हत्या के मामलों में अब अदालत से उसे उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। पुलिस की जांच में सामने आए वैज्ञानिक साक्ष्यों, विशेषकर डीएनए नमूनों के मिलान ने पुराने मामलों को दोबारा खोलने और मोनू की भूमिका स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement