Advertisement
रिलायंस एडीए ग्रुप महाघोटाला: सीबीआई ने RCFL मामले में दाखिल की पहली चार्जशीट

सीबीआई की जांच में यह खुलासा हुआ है कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) द्वारा बैंकों से उधार लिए गए करोड़ों रुपए के फंड को बिचौलियों और मुखौटा (कंड्यूट) संस्थाओं के माध्यम से रिलायंस एडीए ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में डायवर्ट (स्थानांतरित) किया गया था। यह कृत्य बैंकों से कर्ज लेने के लिए तय की गई शर्तों और नियमों का सीधे तौर पर उल्लंघन था, जिससे कर्ज देने वाले बैंकों को भारी नुकसान पहुंचाया गया और आरोपियों व उनसे जुड़ी संस्थाओं को नाजायज फायदा हुआ।
13 सरकारी बैंकों को लगा ₹4,097 करोड़ का चूनाः
यह मामला बैंक ऑफ महाराष्ट्र और कंसोर्टियम (बैंकों के समूह) के अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से मिली शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया था। इस ऋण धोखाधड़ी के कारण कंसोर्टियम के 13 सरकारी बैंकों को कुल ₹4,097 करोड़ का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।
अमिताभ झुनझुनवाला सहित 3 बड़े अधिकारी गिरफ्तारः
सीबीआई इस मामले में अब तक तीन हाई-प्रोफाइल आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व वाइस चेयरमैन अमिताभ झुनझुनवाला, आरसीएफएल के पूर्व सीईओ देवांग प्रवीण मोदी और रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व सीएफओ (मुख्य वित्तीय अधिकारी) अमित बापना शामिल हैं। वर्तमान में अमिताभ झुनझुनवाला और देवांग मोदी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि अमित बापना सीबीआई की कस्टडी में हैं।
सीबीआई ने साफ किया है कि अन्य निदेशकों, संस्थाओं और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका का पता लगाने के लिए आगे की जांच अभी खुली रखी गई है। आने वाले समय में इस मामले में सप्लीमेंट्री (पूरक) चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट कर रहा है मॉनिटरिंगः
उल्लेखनीय है कि सरकारी बैंकों और एलआईसी (LIC) से मिली शिकायतों के आधार पर सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom), रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL), रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस (RCFL) और रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड (RTL) के खिलाफ कुल 7 एफआईआर दर्ज की हैं। सुप्रीम कोर्ट इन मामलों की जांच की सीधी निगरानी कर रहा है। इससे पहले सीबीआई ने 29 मई 2026 को रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) मामले में 16 आरोपियों के खिलाफ अपनी पहली चार्जशीट पेश की थी, और आज दाखिल की गई चार्जशीट रिलायंस एडीए ग्रुप मामलों में सीबीआई की दूसरी बड़ी चार्जशीट है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


