Advertisement
राजस्थान बजट 2026–27 : 8 करोड़ राजस्थानियों की समृद्धि की रूपरेखा

यह बजट दस सुदृढ़ स्तंभों पर आधारित है। इनमें आधारभूत संरचना का विस्तार, नागरिक सुविधाओं में सुधार, औद्योगिक विकास और निवेश प्रोत्साहन, मानव संसाधन सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन, कृषि और किसान कल्याण, हरित विकास तथा वर्ष 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य शामिल हैं। स्पष्ट है कि सरकार अल्पकालिक राहत से आगे बढ़कर दीर्घकालिक संरचनात्मक परिवर्तन की दिशा में सोच रही है।
आर्थिक दृष्टि से भी संकेत उत्साहजनक हैं। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो 2023–24 की तुलना में लगभग 41 प्रतिशत अधिक है। प्रति व्यक्ति आय पहली बार 2 लाख 2 हजार 349 रुपये से अधिक होने का अनुमान है, जो 21.15 प्रतिशत की वृद्धि है। स्पष्ट है कि विकास की रफ्तार केवल सरकारी कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों की आय में भी परिलक्षित हो रही है। पूंजीगत व्यय के लिए 53 हजार 978 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो दो वर्ष पूर्व की तुलना में दोगुने से अधिक है।
यह निवेश सड़कों, जल, बिजली, चिकित्सा और शहरी ढांचे में दीर्घकालिक संपत्ति सृजन का आधार बनेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये और ग्रीन बजट के तहत 33 हजार 476 करोड़ रुपये का प्रावधान यह दर्शाता है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता दी जा रही है। मानव पूंजी पर निवेश इस बजट की केंद्रीय धुरी है। शिक्षा क्षेत्र के लिए 69 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो वर्ष 2023–24 से 35 प्रतिशत अधिक है। 400 स्कूलों को सीएम राइज विद्यालयों के रूप में उन्नत करने की योजना है।
उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से स्पष्ट है कि सरकार गुणवत्ता आधारित सेवाओं की ओर अग्रसर है। जयपुर के जे.के. लोन अस्पताल में 500 बेड का आईपीडी टावर और आरयूएचएस में 200 बेड का पीडियाट्रिक आईपीडी इसका उदाहरण हैं। युवा शक्ति को अवसर और पारदर्शिता देने की दिशा में राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का निर्णय महत्वपूर्ण है। ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटरों के माध्यम से भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने का प्रयास सराहनीय है। पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियों के संकल्प की दिशा में 1 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1 लाख 54 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 1 लाख पदों का भर्ती कैलेंडर घोषित किया गया है।
निजी क्षेत्र में 2 लाख से अधिक रोजगार अवसर सृजित होना भी सकारात्मक संकेत है। कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 76 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित की गई है। यमुना जल को शेखावाटी क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए 32 हजार करोड़ रुपये के कार्य प्रारंभ होंगे और रामजल सेतु लिंक परियोजना में 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी हो चुके हैं। जल प्रबंधन की ये परियोजनाएं आने वाले दशकों में प्रदेश की कृषि संरचना को स्थायित्व देंगी।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी ठोस पहल की गई है। स्वयं सहायता समूहों की ऋण सीमा 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये और लखपति दीदी योजना में ऋण सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए करना महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाला कदम है। जिला स्तर पर रूरल महिला बीपीओ स्थापित करने की योजना ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की सोच को दर्शाती है।
पर्यटन और विरासत संरक्षण के माध्यम से रोजगार सृजन की संभावनाओं को भी बल दिया गया है। जैसलमेर के खु़ड़ी में अल्ट्रा लग्जरी स्पेशल टूरिज्म जोन और शेखावाटी की 660 से अधिक हवेलियों के पुनरुद्धार के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को आर्थिक अवसर में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों के परीक्षण के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन यह संकेत देता है कि सरकार प्रशासनिक तंत्र को विकास का सहभागी मानती है।
आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के राज्य में क्रियान्वयन पर विचार भी इसी संवेदनशील दृष्टिकोण का हिस्सा है। समग्र रूप से देखा जाए तो राजस्थान बजट 2026–27 विकास, संतुलन और समावेशन का दस्तावेज है। यह बजट केवल व्यय बढ़ाने का नहीं, बल्कि संरचनात्मक निवेश, मानव विकास और दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती का खाका प्रस्तुत करता है। अब वास्तविक कसौटी क्रियान्वयन की होगी। यदि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित रहा, तो यह बजट राजस्थान को आत्मनिर्भर, समृद्ध और समावेशी विकास की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ाने में सक्षम सिद्ध होगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


