Advertisement
आंधी-बारिश के बीच लाखों ने लगाई डुबकी

रामघाट पर सीवर लाइन के फूट जाने से गटर का गंदा पानी सीधे क्षिप्रा में पहुंचा, इस पर साधु-संतों व श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई। अक्षय तृतीया के कारण ज्यादा भीड़ के चलते जगह-जगह जाम लग गया।
आधिकारिक तौर बताया गया है आंधी व बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई है और अन्य सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। जो पंडाल गिरे हैं, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि गुरुवार को भी तेज आंधी और बारिश हुई थी, तब सात सौ पंडाल ढह गए थे, सात लोगों की मौत हुई थी और 100 लोग घायल हुए थे। अभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किए जाने का अभियान चल ही रहा था कि दोबारा फिर प्रकृति ने व्यवस्थाओं को तहस-नहस कर दिया है।
सोमवार को दूसरे शाही स्नान के मौके पर सुबह से ही अखाड़ा क्षेत्रों से निकली साधु-संतों की टोलियां से उज्जैन की हर सड़क पर धर्म और संस्कृति के रंग बिखर गए। हाथ में भाला, पताकाएं लिए चल रहे साधु-संतों की टोलियां द्वारा जय महाकाल और हर हर क्षिप्रा के जय घोष करने से पूरा क्षेत्र भक्ति मय हो गया। रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर दोपहर एक बजे तक अखाड़ों का स्नान चला।
उज्जैन के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि पहले शाही स्नान और अब दूसरे शाही स्नान में भी सभी 13 अखाड़ों ने स्नान कर लिया। कम ही ऐसे मौके आए हैं, जब सभी 13 अखाड़ों ने स्नान किया हो। दूसरे शाही स्नान में सिंह ने रिकार्ड श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया। दूसरा शाही स्नान अक्षय तृतीया के दिन होने के कारण बड़ी संख्या में आमजन यहां पहुंचकर क्षिप्रा नदी में डुबकी लगाते रहे। यह क्रम पूरे दिन चला। क्षिप्रा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए देश के विभिन्न स्थानों से हजारों श्रद्धालु रविवार की रात से ही उज्जैन पहुंचने लगे थे।
ज्ञात हो कि सिंहस्थ कुंभ की शुरुआत 22 अप्रैल को पहले शाही स्नान से हुई थी। इस शाही स्नान में हुई कुछ अव्यवस्थाओं के कारण साधु-संतों ने नाराजगी जताई थी।अखाड़ा परिषद के नरेंद्र गिरी ने भी कहा कि पिछले शाही स्नान की तुलना में इस बार की व्यवस्थाएं बेहतर हैं। साधु-संतों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो रही है। वहीं कुछ साधुओं ने स्नान के दौरान पुलिस के व्यवहार से नाराज होकर रामघाट पर हंगामा किया और विरोध दर्ज कराया। उन्हें मनाने जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह और पुलिस महानिरीक्षक वी मधुकुमार भी पहुंचे।
(IANS)
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features



