Advertisement
जनहित सर्वोपरि, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं - सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) को 'एक पेड़ मां के नाम' थीम पर पौधारोपण कराया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि योग दिवस का आयोजन भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी स्थलों पर सुनिश्चित हो।
नदियों के पुनरुद्धार की आवश्यकता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर जिले में कोई न कोई नदी बहती है। जालौन की नून नदी के पुनर्जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के प्रयासों की प्रेरणा लेने का सुझाव दिया। इस वर्ष का पौधारोपण अभियान नदियों के पुनरुद्धार से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि मृत पशुओं को नदियों में प्रवाहित न किया जाए। इसके लिए आमजन को जागरूक किया जाए। साथ ही, अवैध स्लॉटर हाउस किसी भी हालत में संचालित न हों और खुले में मांस विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित रहे।
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी इसके लिए जिम्मेदार है। उन्होंने सड़क इंजीनियरिंग, साइनेज, स्पीड ब्रेकर की समीक्षा कर व्यवस्था सुनिश्चित करने और अवैध बस/ऑटो स्टैंड को हटाने के निर्देश दिए।
तेज आंधी-तूफान के कारण बाधित बिजली आपूर्ति की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जनसुनवाई प्रणाली की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना की जबकि अपेक्षानुसार प्रदर्शन न करने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने दोहराया कि आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समाधान संतोषजनक और समयबद्ध हो। केवल निस्तारण नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने सभी जनपदों में सिविल डिफेंस इकाइयों के गठन के निर्देश देते हुए कहा कि आपात स्थितियों में ये इकाइयां अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
गोरखपुर
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


