प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन परीक्षा 8 अप्रैल से
khaskhabar.com: मंगलवार, 28 मार्च 2017 9:17 PM (IST)
बाड़मेर। जिला स्तरीय प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन कक्षा पांच परीक्षा संचालन समिति की बैठक जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा प्रेमचंद सांखला की अध्यक्षता में हुई।
परीक्षा संचालन समिति सचिव एवं डाइट के प्रधानाचार्य ब्रह्मपालसिंह चौहान ने बताया कि यह परीक्षा राजकीय विद्यालयों के छात्रों के लिए अनिवार्य है तथा निजी विद्यालयों के लिए वैकल्पिक है। इस परीक्षा में 4795 विद्यालयों के 48313 छात्र शामिल हो रहे हैं। इनमें 43581 छात्र राजकीय विद्यालयों के, 330 संस्कृत विद्यालयों, 3659 निजी विद्यालयों तथा 743 मदरसों के छात्र शामिल है। उन्होंने बताया कि परीक्षा व्यवस्था एवं मूल्यांकन तथा संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था एवं मूल्यांकन का कार्य ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की देखरेख में होगा तथा परीक्षा परिणाम तैयार एवं ग्रेडिंग युक्त प्रमाण पत्र देने का कार्य डाइट करेगी। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को हिंदी, 10 को अंग्रेजी, 11 को गणित, 12 को पर्यावरण अध्ययन का समय प्रात: 10 से दोपहर 12.30 तथा 13 अप्रैल को संस्कृत एवं मदरसा विद्यालयों के लिए संस्कृत, उर्दू विषय की परीक्षा का समय दोपहर 12.30 से 3 बजे तक होगा।