PM Modi Tours Hooghly River; Meets Boatmen and Public on the Banks-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:51 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पीएम मोदी ने किया हुगली नदी में भ्रमण, तट पर नाविकों और आम जनता से मुलाकात

khaskhabar.com: शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 10:53 AM (IST)
पीएम मोदी ने किया हुगली नदी में भ्रमण, तट पर नाविकों और आम जनता से मुलाकात
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता में हुगली नदी के तट पर समय बिताया और मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हर बंगाली के लिए गंगा का विशेष महत्व है और यह नदी बंगाल की आत्मा में बहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "हर बंगाली के लिए गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है। यह कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बसती है। इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है। आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया। यह मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था।" इस दौरान उन्होंने हुगली के किनारे नाविकों और सुबह टहलने वाले लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "मुझे नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत की प्रवृत्ति सराहनीय है। और सुबह सैर करने वालों से भी मुलाकात हुई। हुगली नदी के तट पर, मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।"
हुगली नदी के भ्रमण के दौरान पीएम मोदी हाथ में कैमरा थामे हुए थे। उन्होंने हुगली के तट से भी कुछ और शेयर कीं, जहां वे लोगों से मिलते हुए नजर आए। पीएम मोदी ने नदी के तट पर घूमने वाले लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।
इस दौरान उन्होंने नदी की फोटोग्राफी करने का भी प्रयास किया और विद्यासागर सेतु व हावड़ा ब्रिज का करीब से नजारा देखा। पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "मैंने इस नदी की तस्वीरें खींचने की भी कोशिश की। साथ ही मुझे विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज की भी करीब से झलक देखने को मिली।"
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दमदम और जादवपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे सुबह करीब 11.30 बजे दमदम पहुंचेंगे और बड़ी रैली करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे उनकी जादवपुर में रैली होगी।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement