Advertisement
एनजीटी ने गाजियाबाद के सिटी फॉरेस्ट में 70,000 पेड़ों को कथित तौर पर नष्ट किए जाने के मामले में नोटिस जारी किया

एनजीटी ने जिन संस्थाओं को नोटिस भेजा है, उनमें केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला मजिस्ट्रेट, यूपी वन विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और गाजियाबाद नगर निगम शामिल हैं।
अदालत ने कहा कि याचिका में कई मुद्दे उठाए गए थे, जैसे अवैध निर्माण, अतिक्रमण, पशुओं की चराई और गैर-वन गतिविधियां। लेकिन, फिलहाल याचिकाकर्ता ने अपने वकील आकाश वशिष्ठ के माध्यम से मामले को केवल ठोस और तरल कचरा प्रबंधन के मुद्दे तक सीमित रखा है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि करीब 200 एकड़ के साई उपवन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कचरा डंप किया जा रहा है और उसे जलाया भी जा रहा है, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है।
इस अर्जी में यह भी चिंता जताई गई है कि जंगल के इलाके से गुजरने वाले एक बरसाती नाले में बिना साफ (ट्रीट किए) किए सीवेज और गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। आरोप है कि बारिश के समय यह नाला भरकर बहने लगता है, जिससे आसपास का हरा-भरा इलाका पानी में डूब जाता है।
अर्जी के अनुसार, कचरा डंप करने, पुराने कचरे के जमा होने और सीवेज के प्रदूषण के लंबे समय तक असर के कारण लगभग 70,000 पेड़ सूख गए हैं। इससे मास्टर प्लान 2021 और 2031 के तहत आने वाले 'सिटी फॉरेस्ट' की स्थिति बहुत खराब हो गई है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने 19 मार्च के अपने आदेश में अर्जी देने वाले को निर्देश दिया कि वह अर्जी की कॉपी सभी संबंधित पक्षों को दे और अगली सुनवाई से पहले इसका हलफनामा दाखिल करे कि उसने ऐसा कर दिया है। साथ ही, एनजीटी ने यह भी अनुमति दी कि अर्जी देने वाला इस इलाके से जुड़े अन्य मुद्दों को अलग अर्जी के माध्यम से उठा सकता है।
करीब 200 एकड़ में फैला 'साई उपवन' गाजियाबाद के सबसे बड़े सिटी फॉरेस्ट में से एक माना जाता है। अर्जी में इसे शहर के 'हरे फेफड़े' (ग्रीन लंग्स) के रूप में बताया गया है, जो प्रदूषण से जूझ रहे इलाके में हवा को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


