New Momentum in India-Nepal Relations-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत-नेपाल रिश्तों में नई मजबूती - हवाई, रेलवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन और हाइड्रोपावर पर लिए कई बड़े फैसले

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 6:33 PM (IST)
भारत-नेपाल रिश्तों में नई मजबूती - हवाई, रेलवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन और हाइड्रोपावर पर लिए कई बड़े फैसले
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह ने सोमवार को दोनों देशों के बीच व्यापार, कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की। संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों देशों ने हवाई संपर्क, रेलवे नेटवर्क, पेट्रोलियम अवसंरचना और जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। दोनों नेताओं ने नागर विमानन क्षेत्र में चल रही वार्ताओं की समीक्षा की और संपर्क बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके तहत वर्तमान काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी345) हवाई मार्ग, जो अभी एकतरफा है, उसे दोतरफा बनाया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्ष तकनीकी स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के ट्रांजिट व्यापार के लिए एक नई सुविधा की घोषणा करते हुए कहा कि नेपाल को दीनदयाल पोर्ट (कांडला, गुजरात) के माध्यम से अतिरिक्त समुद्री पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने के बाद पारादीप बंदरगाह (ओडिशा) का उपयोग भी नेपाल के लिए खोला जाएगा।
संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों देशों ने सीमा पार संपर्क और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के महत्व पर बल दिया। इसके तहत नई रेलवे लाइनों, पुलों, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) और पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई, जो अयोध्या और जनकपुर को जोड़ती है। माना जा रहा है कि यह रेल सेवा न केवल आवागमन को आसान बनाएगी बल्कि रामायण सर्किट के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी तथा भारत-नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
दोनों देशों ने बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए इसी तरह के अन्य संपर्क मार्गों की संभावनाओं का भी अध्ययन करने पर सहमति व्यक्त की।
रेल संपर्क के क्षेत्र में दोनों पक्षों ने प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के लिए फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा की। साथ ही नेपाल की ईस्ट-वेस्ट रेलवे परियोजना के विकास में सहयोग करने पर भी सहमति बनी।
सीमा संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए भारत के धारचूला और नेपाल के दारचूला के बीच एक नए मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया, जिससे पश्चिमी नेपाल और भारत के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा।
ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों ने पेट्रोलियम अवसंरचना विस्तार को भी प्राथमिकता दी। नेताओं ने मोतीहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को नेपाल की जनता को समर्पित किया। साथ ही नेपाल के झापा में एक पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई और सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजना पर जल्द काम शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
दोनों देशों ने भारत और नेपाल के बीच गैस पाइपलाइन निर्माण की संभावनाओं का भी अध्ययन करने पर सहमति व्यक्त की।
इसके अलावा, जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग को लेकर दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग भारत-नेपाल संयुक्त ऊर्जा दृष्टि दस्तावेज और दीर्घकालिक विद्युत व्यापार समझौते के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। भारतीय कंपनियों की नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी का स्वागत करते हुए दोनों देशों ने इन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर दोनों प्रधानमंत्रियों ने 669 मेगावाट लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी।
इसके साथ ही, दोनों नेताओं ने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को जल्द अंतिम रूप देने और परियोजना के क्रियान्वयन पर शीघ्र कार्य आरंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही सप्तकोशी और सुनकोशी बहुउद्देशीय परियोजनाओं की डीपीआर प्रक्रिया को तेज करने पर भी सहमति बनी, जिससे जल संसाधनों का बेहतर उपयोग और बाढ़ प्रबंधन में सहयोग मिल सके।
दोनों पक्षों ने नेपाल के इनरुवा-न्यू पूर्णिया और दोदोधारा-बरेली के बीच उच्च क्षमता वाले सीमा पार बिजली ट्रांसमिशन लाइनों के लिए संयुक्त उद्यम (जेवी) गठन में हुई प्रगति का भी स्वागत किया।
शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत नेपाल में आईआईटी का पहला विदेशी परिसर स्थापित करेगा, जिससे नेपाल के उच्च शिक्षा क्षेत्र को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार सृजन और कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement