Advertisement
नगर निगम चुनावः कांग्रेस के सामने गुटबाजी और पलायन रोकने की चुनौती

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान पर चर्चा होगी। बैठक में एआईसीसी प्रभारी रजनी पाटिल, लोकसभा सांसद मनीष तिवारी और अभियान के ऑब्जर्वर आरएस बाली के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
बैठक का घोषित एजेंडा भले ही 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान हो, लेकिन नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी के भीतर चल रहे मतभेद, नेताओं की नाराजगी और पिछले मेयर चुनाव में हुई कथित क्रॉस वोटिंग के मुद्दे भी अहम रहेंगे। ऐसे में बैठक को संगठन के भीतर संवाद और आगामी चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्रॉस वोटिंग की जांच रिपोर्ट पर सवाल
चंडीगढ़ में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन के दौरान मेयर पद के लिए प्रेमलता को उम्मीदवार बनाया गया था। उस चुनाव में कांग्रेस के कुछ पार्षदों की कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद पार्टी की ओर से जांच कमेटी गठित किए जाने की बात कही गई थी। उस समय पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग में शामिल लोगों की पहचान करने के दावे भी किए गए थे।
अब सवाल उठ रहा है कि जांच कमेटी की रिपोर्ट का क्या हुआ? क्या जांच पूरी हो चुकी है और यदि रिपोर्ट तैयार है तो इसके निष्कर्ष अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए? वहीं, कथित क्रॉस वोटिंग के आरोपों से घिरे पार्षदों को भविष्य में फिर से कांग्रेस का टिकट मिलेगा या नहीं, यह भी चर्चा का विषय है। फिलहाल इस संबंध में पार्टी के किसी अंतिम फैसले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या बैठक में शामिल होंगे पवन बंसल?
बैठक को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल की संभावित मौजूदगी पर भी निगाहें रहेंगी। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि क्या उन्हें बैठक में आमंत्रित किया गया है और क्या वह इसमें शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। इससे पहले पार्टी की बैठक में भी बंसल शामिल नहीं हुए थे।
पार्टी से जुड़े नेताओं के दूसरी पार्टियों में जाने के घटनाक्रम ने भी कांग्रेस की चिंता बढ़ाई है। पवन बंसल की करीबी मानी जाने वाली एक नेत्री के आम आदमी पार्टी में जाने के बाद नेताओं के पलायन को रोकना पार्टी के लिए चुनौती बन गया है। वहीं, शहर कांग्रेस में सांसद मनीष तिवारी, पूर्व सांसद पवन बंसल और प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की से जुड़े अलग-अलग खेमों के बीच तालमेल को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं।
नाराज नेताओं को मनाने की चुनौतीः
बैठक में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि पार्टी से नाराज बताए जा रहे नेताओं को बुलाया गया है या नहीं। क्या नेतृत्व संगठन के भीतर मतभेद दूर करने और पुराने विवादों पर चर्चा करने की पहल करेगा? आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए पार्टी के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना जरूरी होगा।
कई वार्डों में एक से ज्यादा दावेदारः
कांग्रेस की मुश्किलें गुटबाजी और पलायन तक सीमित नहीं हैं। नगर निगम चुनाव के लिए कई वार्डों में एक से ज्यादा दावेदार सामने हैं, जबकि कुछ वार्ड ऐसे भी हैं जहां पार्टी को समय रहते मजबूत उम्मीदवार तलाशने होंगे। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान दावेदारों के बीच संतुलन बनाना और नाराजगी को रोकना नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती होगी।
दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव से पहले होने वाली यह बैठक कांग्रेस के लिए अभियान की रणनीति तय करने के साथ संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा का भी अवसर है। हालांकि, क्रॉस वोटिंग की जांच रिपोर्ट, पवन बंसल की मौजूदगी, नाराज नेताओं को निमंत्रण और आगामी चुनाव में टिकट वितरण जैसे मुद्दों पर पार्टी का रुख स्पष्ट होने के बाद ही आगे की तस्वीर सामने आएगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


