Advertisement
मुहूर्त ट्रेडिंग - विशेषज्ञों ने दी चयनित शेयरों में निवेश करने और जल्दबाजी से बचने की सलाह

ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के अनुसार, निफ्टी का मूल्यांकन फिलहाल आकर्षक माना जा सकता है। निफ्टी लगभग 17.5 गुना अनुमानित आय (फॉरवर्ड अर्निंग्स) पर कारोबार कर रहा है, जो इसके दीर्घकालिक औसत से लगभग 16 प्रतिशत कम है। हालांकि स्मॉलकैप शेयर अब भी अपने ऐतिहासिक औसत मूल्यांकन से लगभग 25 प्रतिशत प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि आने वाले वर्षों में कॉर्पोरेट आय वृद्धि में सुधार होगा। निफ्टी की प्रति शेयर आय (ईपीएस) वित्त वर्ष 2026 में 5 प्रतिशत बढ़ने के बाद वित्त वर्ष 2027 और 2028 में क्रमशः 16 प्रतिशत और 14 प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है।
संवत 2083 के लिए विशेषज्ञों की पसंद में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, पूंजी बाजार, विनिर्माण, वैश्विक आउटसोर्सिंग, निर्यात आधारित व्यवसाय, उपभोक्ता क्षेत्र और डिजिटल कारोबार प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य उपकरण, एयरोस्पेस, ऑटो कंपोनेंट्स, सक्रिय औषधीय सामग्री (एपीआई), परिधान उद्योग, पोर्ट लॉजिस्टिक्स, संगठित आभूषण कारोबार और क्विक-कॉमर्स क्षेत्र में भी अवसर दिखाई दे रहे हैं।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के दौरान बड़े ऑर्डर या अत्यधिक आक्रामक ट्रेडिंग से बचना चाहिए, क्योंकि सीमित समय और कम कारोबार के चलते कीमतों में तेजी से बदलाव हो सकता है।
नए निवेशकों के लिए सलाह है कि वे केवल शुभ अवसर को देखते हुए किसी शेयर में निवेश न करें। इसके बजाय मजबूत बुनियादी स्थिति वाली कंपनियों में छोटी राशि से शुरुआत करें और लंबी अवधि का नजरिया रखें।
तकनीकी दृष्टिकोण से विशेषज्ञों का मानना है कि मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार सीमित दायरे में रह सकता है। हालिया तेजी के बाद निफ्टी 24,600 के आसपास कारोबार कर रहा है। इसके लिए 24,350 का स्तर निकटतम समर्थन (सपोर्ट) और 24,700 से 24,800 का दायरा प्रमुख प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) क्षेत्र माना जा रहा है।
विश्लेषकों ने यह भी कहा कि लगातार छह कारोबारी सत्रों की बढ़त के बाद बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की कमजोरी जैसे कारक निकट अवधि में निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।
इसके बावजूद उनका मानना है कि मजबूत घरेलू आर्थिक संकेतक, विदेशी निवेशकों की वापसी और बेहतर कॉर्पोरेट नतीजे भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक आधार प्रदान कर रहे हैं। इसलिए मुहूर्त ट्रेडिंग में भावनात्मक निवेश के बजाय विवेकपूर्ण और दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाना अधिक लाभदायक रहेगा।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


